पटरियों पर कूदे युवक के ऊपर से धड़धड़ाती निकल गयी ट्रेन
राकेश फौजदार 
भरतपुर 23 अप्रैल। राजस्थान में करौली के हिण्डौन सिटी रेलवे स्टेशन पर एक युवक प्लेटफार्म से पटरियों पर ट्रेन के सामने कूद गया और गुजरात सम्पर्क क्रांति एक्सप्रेस उसके ऊपर से धड़धड़ाती हुई निकल गई लेकिन युवक जिंदा बच गया। बताया गया कि ट्रेन की चपेट से उसके एक पैर का पंजा कट गया। मौके पर खड़े जीआरपी और आरपीएफ के जवानों ने घायल धंधावली गांव निवासी हेतराम जाट (25) को पटरी से उठा राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया जहां परिजनों के आने पर उसे जयपुर रैफर कर दिया गया। आरपीएफ के चौकी प्रभारी डीपी सिंह ने बताया कि अप ट्रैक पर दिल्ली की ओर से गुजरात संपर्क क्रांति एक्सप्रेस स्टेशन से थ्रू पास हो रही थी इसी दौरान प्लेटफार्म क्रमांक 2 पर प्याऊ के पास बैठा युवक भाग कर अप ट्रैक पर ट्रेन के आगे आ गया और पटरी पर गिर गया। युवक को सामने देख लोको पायलट ने प्रेशर डाउन कर ट्रेन गति धीमी कर दी। जीआरपी के अनुसार युवक पटरी पर गिरने के बाद सीधा लेट गया. ऐसे में बोगियों की चपेट में आने से उसका बायां पैर का पंजा कट गया उसके सिर में भी चोट लगी है।  परिजनों के अनुसार युवक खेड़ला में अपने रिश्तेदार दंत चिकित्सक की क्लीनिक पर कार्य करता है।