स्कूल वैन व स्कॉर्पियो में आमने सामने की जोरदार टक्कर, डेढ़ दर्जन से अधिक स्कूली बच्चे घायल

दैनिक खोज खबर/अमनौर/सारण। स्थानीय थाना क्षेत्र के एसएच 104 अमनौर – तरैया मुख्य मार्ग अमनौर जान गांव के पास मंगलवार की सुबह एक स्कूली बच्चों से भड़े वैन व स्कॉर्पियो के आमने सामने की जोरदार टक्कर से चीख पुकार मच गई. वैन में सवार डेढ़ दर्जन से अधिक बच्चे घायल हो गए. स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी घायल बच्चों को उपचार के लिए स्थानीय सीएचसी में भर्ती कराया गया. घटना के बाद वहां अफरा तफरी मच गई. घटना की सूचना मिलते ही बच्चों के अभिभावक, माता पिता रोते बिलखते मौके पर पहुंचे तो कुछ सीएचसी में पहुंच अपने बच्चों का हाल जानने व देखने के लिए बेचैन दिख रहे थे. घटना के सम्बन्ध में मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की सुबह निकटवर्ती क्षेत्र नौतन स्थित निजी स्कूल केडी पब्लिक स्कूल के वैन भिड़िया, नारायणपुर तथा अमनौर जान से बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी तभी अमनौर जान के पास गोरिया कोठी से सलखुआ आई बारात से लौट रहे स्कॉर्पियो की सामने से जोरदार टक्कर मार दिया. जिससे डेढ़ दर्जन से अधिक बच्चे घायल हो गये. वहीं स्कूली वैन तथा स्कॉर्पियो के चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गए. कई अभिभावक आनन फानन में अपने घायल बच्चों को लेकर निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया तो कई बच्चों को स्थानीय सीएचसी में भर्ती कराया गया. रास्ते से आ रहे कुछ टोटो चालक ने घायल बच्चों को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करा रहे थे तभी भीड़ ने उन्हें स्कॉर्पियो चालक समझ जमकर पिटाई कर दिया जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया . उधर गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद यश कुमार, अमृत कुमार, आयुष कुमार सहित आधा दर्जन बच्चों को रेफर कर दिया. घायलों में जहां निक्की कुमारी (12 वर्ष), साक्षी कुमारी (8 वर्ष), अंकुश कुमार (8 वर्ष), अमृत कुमार (9 वर्ष), यश कुमार (7 वर्ष), आयुष कुमार (13 वर्ष), आदित्य कुमार (12वर्ष), आयुषी कुमारी (7 वर्ष) स्कूली वैन चालक भिड़िया नारायणपुर गांव निवासी रामकुमार सिंह के 38 वर्षीय पुत्र विक्की कुमार , स्कॉर्पियो सवार व बसडिला निवासी जितेंद्र कुमार, भीट्ठी निवासी , शिवनारायण राय, टोटो चालक व अमनौर निवासी छोटे लाल, एंबुलेंस ड्राइवर व धरहरा गांव निवासी संतोष कुमार सिंह बताए गए हैं. उधर यश कुमार, अमृत कुमार, आयुष कुमार का स्थिति नाजुक बताया जा रहा है जिसका इलाज पटना में चल रहा है.घटना की सूचना के बाद ग्रामीण एसपी संजय कुमार मढ़ौरा डीएसपी नरेश पासवान पुलिस बल के साथ घटना स्थल पहुंच मामले की जानकारी प्राप्त किया. स्थानीय प्रशासन को स्थिति पर नजर बनाए रखने का निर्देश दिया. वहीं क्षतिग्रस्त गाड़ियों को पुलिस ने जब्त कर लिया है.
____




Recent Comments