
सुरक्षा मानकों पर खरे नहीं उतरे तो गृह मालिक व्यावसायिक व शिक्षण संस्थान संचालक पर होगी कार्रवाई
कुमुद रंजन सिंह की रिपोर्ट/नालंदा :
नगर विकास एवं आवास विभाग, बिहार से प्राप्त आदेश के आलोक में बिहार भवन उपविधि, 2014 के अंतर्गत जिला के नगर निगम एवं नगर निकाय क्षेत्रों में अवस्थित बहुमंजिला/ विशेष भवनों में अग्नि सुरक्षा संबंधी मानकों के अनुपालन, उपकरणों के प्रतिष्ठापन एवं रखरखाव तथा वर्षा जल संभरण प्रणाली (रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम) को प्रभावी करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत नगर निकाय क्षेत्र के अंतर्गत 15 मीटर या इससे अधिक ऊंचाई वाले अथवा 500 वर्ग मीटर से अधिक के आच्छादित जमीनी क्षेत्रफल वाले व्यवसायिक भवनों, शैक्षणिक संस्थानों, कोचिंग संस्थानों, नर्सिंग होम, अस्पताल, सिनेमा हॉल, शॉपिंग मॉल अथवा ऐसे व्यवहार वाले मिश्रित उपयोग वाले भवनों/ परिसरों में अग्नि सुरक्षा की जांच एवं वर्षा जल संभरण प्रणाली सुनिश्चित करने के लिए कार्रवाई की जाएगी।
इस उद्देश्य से आज जिला पदाधिकारी योगेंद्र सिंह की अध्यक्षता में बैठक आहूत की गई। बैठक में निर्देश दिया गया कि प्रथम चरण के अंतर्गत 1 जून से 10 जून तक सभी शहरी निकायों में ऐसे सभी भवनों/ परिसरों का निरीक्षण जांच दल द्वारा किया जाएगा। इस जांच दल में अग्निशमन विभाग, नगर निकाय,भवन निर्माण विभाग एवं विद्युत विभाग के अभियंता, आपदा प्रबंधन एवं प्रशासन के पदाधिकारी शामिल होंगे।
निर्धारित 10 दिनों की अवधि में ऐसे सभी भवनों की पहचान कर अग्नि सुरक्षा एवं वर्षा जल संभरण प्रणाली के मानक के आधार पर जांच की जाएगी तथा पाई गई कमियों के आधार पर भवन के स्वामी या अधिभोगी को लिखित नोटिस ऑन द स्पॉट दिया जाएगा।
निरीक्षण में पाई गई कमियों के निराकरण के लिए भवन स्वामी को 15 दिनों का समय (25 जून तक) दिया जाएगा।पुनः द्वितीय चरण में 25 जून से 6 जुलाई तक निरीक्षण दल द्वारा निर्गत नोटिस के आधार पर भवन स्वामी द्वारा किए गए अनुपालन की जांच की जाएगी। अनुपालन नहीं होने की दशा में भवन को असुरक्षित घोषित करने, बिहार अग्निशमन सेवा अधिनियम के आलोक में भवन अथवा परिसर को सील करने तथा अन्य नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
।बैठक में पुलिस अधीक्षक, अपर समाहर्ता, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, प्रभारी पदाधिकारी जिला आपदा शाखा, जिला शिक्षा पदाधिकारी, भवन निर्माण विभाग के सहायक अभियंता,जिला अग्नि शमन पदाधिकारी, उप नगर आयुक्त सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।




Recent Comments