👉सीवान में दो दिनों के अंदर यह लगातार दूसरी बार हुई हमला

✍️ नवीन सिंह परमार
सीवान : बिहार में शराब पूरी तरह बंद हैं, लेकिन प्रति दिन हजारों लीटर शराब पकड़ा जाना आम बात है । अब तो अवैध शराब के कारोबारियों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि वे अब शराब पकड़े गए मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग की टीम पर सरेआम हमला भी करने लगें हैं ।
सोमवार की सुबह कुछ ऐसी ही घटना जिले के गौतम बुद्ध नगर थाना क्षेत्र के रोजा गौर गांव में देखने को मिली, जहां शराब कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई करने गई मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग की टीम पर शराब माफियाओं द्वारा हमला कर दिया गया है । इस हमले में करीब आधा दर्जन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जिनमें से तीन की गंभीर हालत को देखते हुए सीवान सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं घटना के बाद से जिला मुख्यालय से भारी मात्रा में पुलिस बल रोजा गौर गांव के लिए कूच कर गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग की टीम को सूचना मिली थी कि रोजा गौर गांव में महुआ चुलाई शराब बनाने का अवैध कारोबार किया जा रहा है ।जिसके बाद सोमवार की सुबह उत्पाद विभाग की टीम गांव में छापेमारी करने गई थी, लेकिन टीम के गांव पर पहुंचते ही शराब माफियाओं ने ग्रामीणों के सहयोग से उनपर हमला बोल दिया और जमकर पथराव किया। वहीं कई चक्र गोलियां भी चली, जिसमें आधा दर्जन पुलिस के जवान घायल हो गए। जिनमे से तीन लोगों को गंभीर हालत में सीवान सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद सीवान एसपी अभिनव कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ जितेंद्र पांडेय समेत जिले के कई थानों की पुलिस गौतम बुद्ध नगर थाना के रौजा गौर गांव के लिए रवाना हो गई है।
बता दें कि इसके पूर्व कल यानी रविवार को भी गोरेयाकोठी थाना क्षेत्र के छितौली गांव में शराब कारोबारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने गई पुलिस टीम पर शराब कारोबारियों ने ग्रामीणों और महिलाओं के सहयोग से हमला बोल दिया था ।पुलिसकर्मियों को दौड़ा दौड़ाकर उनपर पथराव और रोड़ेबाजी की गयी थी। जिसमें गोरेयाकोठी थाना के एक एएसआई गंभीर रूप से चोटिल हुए थे। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हुआ था ।वहीं आज दूसरे दिन गौतम बुद्ध नगर थाना क्षेत्र के रौजा गौर गांव में शराब माफियाओं द्वारा मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग की टीम पर किया गया हमला शराब कारोबारियों के बढ़े हुए मनोबल को दर्शा रहा है।
गौरतलब हो कि सोमवार को हुई घटना में इंस्पेक्टर गुंजेश कुमार को गंभीर चोट आयी है वहीं अन्य कई जवान घायल हो गए हैं। सभी को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इधर जिले में लगातार दूसरे दिन पुलिस पर शराब कारोबारियों के हमले की खबर से पुलिस महकमा सकते में हैं।
इधर लोगों की माने तो शराब बंदी पूरी तरह फेल हो चुका है । पहले की अपेक्षा भले ही शराब थोड़ी मंहगी हुई है लेकिन अब घर पर बैठे ही आवश्यकतानुसार शराब की आपूर्ति कारोबारियों के द्वारा किया जा रहा है ।




Recent Comments