सिवान (24 अक्टूबर ) : सीवान से बड़ी खबर है, जहां हुए दरौंदा विधानसभा उपचुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी और भाजपा के जिला उपाध्यक्ष रहे कर्णजीत सिंह उर्फ व्यास सिंह ने जदयू और एनडीए उम्मीदवार बाहुबली अजय सिंह को भारी मतों से परास्त कर दिया है.
बता दें कि 21 अक्टूबर को हुए दरौंदा उपचुनाव के मतदान के बाद आज गुरुवार को निर्धारित समय से मतों की गिनती शुरू हुई. जिसमें व्यास सिंह पहले ही राउंड से लगातार अपनी बढ़त बनाए रखें और मतगणना के अंतिम राउंड तक अपनी बढ़त को बरकरार रखते हुए अपने निकटतम प्रतिद्वंदी अजय सिंह को 27,279 मतों से परास्त कर दरौंदा विधानसभा सीट पर अपना कब्जा जमा लिया.
दरौंदा विधानसभा उपचुनाव में एनडीए प्रत्याशी जदयू के अजय कुमार सिंह को 23 हज़ार 895, राजद प्रत्याशी उमेश सिंह को 20 हजार 891 वोट वहीं निर्दलीय उम्मीदवार 51 हज़ार 207 वोट मिले हैं .

गौरतलब है कि दरौंदा की विधायक और बाहुबली अजय सिंह की पत्नी कविता सिंह के लोकसभा चुनाव में जीत हासिल करने के बाद से दरौंदा सीट खाली हो गई थी. जिसके लिए उपचुनाव हुआ. इस उपचुनाव में जहां राजद की ओर से उमेश सिंह और राजद के बागी नेता शैलेंद्र यादव निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़े थे. वहीं कर्णजीत सिंह उर्फ व्यास सिंह ने भी निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था.
इस उपचुनाव में शुरू से ही यह कयास लगाया जा रहा था कि यहां एनडीए दो भागों में बटा हुआ है और भाजपा के नेता व कार्यकर्ता व्यास सिंह को समर्थन कर रहे हैं. आखिरकार मतगणना के बाद यह कयास सच साबित हुआ. चुनाव में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी और सांसद कविता सिंह की एक न चली. जनता ने अजय सिंह के विधायक बनने के ख्वाब को फिलहाल विराम फिलहाल विराम लगा दिया.