
सीतामढ़ी :मुफ्त ऑक्सीजन सिलिंडर देकर मरीजों की जान बचा रही माड़वाड़ी सेवा समिति
👉कोरोना और गंभीर रोग के मरीजों के लिए वरदान साबित हो रही सामाजिक स्तर पर यह व्यवस्था
👉श्रीराणीसती एवं लक्ष्मीनारायण मंदिर, भगवती रोड सुरसंड से जरूरतमंद ले सकते हैं मुफ्त ऑक्सीजन सिलिंडर
सीतामढ़ी/ 18 सितंबर: शरीर में जब तक सांस है, तब तक आस है। सांसों का मोल समझते हुए माड़वाड़ी सेवा समिति सुरसंड ने सराहनीय पहल की है। कोरोना काल में अगर आकस्मिक रूप से किसी को ऑक्सीजन की जरूरत पड़ जाए तो मरीज की जान बचाने के लिए घर वालों को भटकना नहीं पडेगा। सुरसंड प्रखंड के कृष्ण कुमार सरावगी, दिनेश कुमार सरावगी, पप्पू लाठ, उमंग कुमार, गोविंद शर्मा आदि की टीम ने यह सराहनीय पहल की है। कृष्ण कुमार सरावगी ने बताया कि मानवता की सेवा के लिए माड़वाड़ी सेवा समिति सुरसंड का यह छोटा-सा प्रयास है। कहा सरकार तो अपनी ओर से सारी व्यवस्था कर ही रही है। इसमें कोई दो राय नहीं कि जिला से लेकर प्रखंड स्तर तक मुकम्मल व्यवस्था है, लेकिन कोरोना महामारी के समय में समाज का भी दायित्व बनता है। ऐसे समय में सामाजिक स्तर से भी सरकार के प्रयास को बल देने की जरूरत होती है। गांव-कस्बों में अचानक से किसी को ऑक्सीजन की जरूरत पड़ जाए तो हम जरूरतमंदों के काम आ सकें, इसलिए यह सेवा शुरू की गई है। उन्होंने बताया कि बैनर-पोस्टर के अलावा सोशल मीडिया के जरिये लोगों तक इस व्यवस्था की जानकारी पहुंचाने का काम किया गया है। जरूरतमंद हम तक पहुंच सके, इसलिए समिति के सदस्यों का मोबाइल नंबर भी जारी किया गया है।
👉डेढ माह पहले पांच सिलिंडर से की गई शुरुआत, कई लोगों की बच चुकी है जान :
समिति के सदस्य कृष्ण कुमार सरावगी ने बताया कि कोरोना महामाारी में अपने सामाजिक दायित्वों को समझते हुए हमारी समिति ने पांच ऑक्सीजन सिलिंडर के साथ इस व्यवस्था की शुरुआत की। उन्होंने बताया कि अब तक तीन स्थानीय कोरोना मरीज और एक भिटठा गांव के कैंसर के मरीज के घर वालों ने समिति से संपर्क किया, जिन्हें मुफ्त ऑक्सीजन सिलिंडर समिति की ओर से दिया गया। श्री सरावगी ने बताया कि ऑक्सीजन सिलिंडर उपलब्ध कराने के बाद जो एक तकनीकी परेशानी आ रही है, वह यह कि मरीज को सही तरीके से ऑक्सीजन मास्क लगाने के लिए एक इस कार्य में दक्ष कोई व्यक्ति मिल जाए। समिति इसके लिए प्रयासरत है। उक्त व्यक्ति को समिति की ओर से उचित पारिश्रमिक देने पर भी विचार किया जा रहा है।
👉लाभ लेने के लिए छोटी-सी औपचारिकता पूरी करने की जरूरत :
कृष्ण कुमार सरावगी ने बताया कि मुफ्त ऑक्सीजन सिलिंडर सेवा का लाभ लेने के लिए छोटी-सी औपचारिकता पूरी करने की जरूरत होती है। जरूरतमंद व्यक्ति को डॅक्टर की पर्ची या समिति के किसी सदस्य का अनुमोदन जरूरी होगा। ऑक्सीजन सिलिंडर लेने के लिए अपने आधार कार्ड की फोटोकॉपी हस्ताक्षर और मोबाइल नंबर के साथ देनी है। मुफ्त ऑक्सीजन सिलिंडर श्रीराणीसती एवं लक्ष्मीनारायण मंदिर, भगवती रोड सुरसंड से प्राप्त किया जा सकता है। जरूरतमंद से अपेक्षा रहेगी कि काम हो जाने पर वे 72 घंटे में सुरक्षित रूप से ऑक्सीजन सिलिंडर समिति को लौटा देंगे। पुन: लाभ लेने के लिए औपचारिकता फिर से पूरी करनी है। श्री सरावगी ने बताया कि सामान ले जाने और सुरक्षित पहुंचा देने के लिए जमानत राशि दो हजार रखी गई है, जो बाद में लौटा दी जाएगी। हालांकि यह सिर्फ औपचारिकता होगी, कोई बाध्यता नहीं। आपात स्थिति में शर्त बाद में, पहले जरूतमंद की सेवा को ध्यान में रखना है।
👉मुफ्त ऑक्सीजन सिलिंडर के लिए इन नंबरों पर फोन कर सकते हैं जरूरतमंद :
कृष्ण कुमार सरावगी- 9955340340
दिनेश कुमार सरवगी- 8709736125
पप्पू लाठ- 8430475004
उमंग लक्कड-7870834920
गोविंद शर्मा-9955810260




Recent Comments