सीतामढ़ी : क्षेत्र में लोगों को “दस का दम, कालाजार खतम” का मतलब समझा रहीं आशा दीदी

👉माइक्रो प्लान के साथ क्षेत्र में हो रहा आईआरएस द्वितीय चक्र के तहत छिड़काव

👉दस का दम के जरिए क्षेत्र में कालाजार के प्रति लोगों को जागरूक कर रहीं आशा

सीतामढ़ी / 18 सितंबर :जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यालय योजनाबद्ध तरीके से कालाजार के खात्मे पर काम कर रहा है। प्रिंटेड पंजी और मुकम्मल माइक्रो प्लान के साथ क्षेत्र में अभी आईआरएस द्वितीय चक्र के तहत छिड़काव कार्य शुरू है। डीवीबीडीसीओ डॉ. रवींद्र कुमार यादव ने बताया कि कालाजार उन्मूलन के लिए उन्होंने दस पॉइन्ट में सारे जरूरी एहतियात को समझाया है। इसके लिए “दस का दम, कालाजार खतम” का नारा दिया गया है। क्षेत्र में कालाजार के प्रति लोगों को जागरूक करने में जुटीं आशा विस्तार से इसका मतलब समझा रही हैं। 64 छिड़काव दल 16 प्रखंडों के 197 लक्षित ग्राम में 2, 37,325 घरों में छिड़काव के लिए क्षेत्र में लगे हुए हैं। छिड़काव दल को प्रतिदिन 70-72 घरों में सिंथेटिक पायरेथ्रायड दवा का छिड़काव करना है। डॉ. रवींद्र कुमार यादव ने बताया कि बैनर-पोस्टर और पम्फलेट में बिंदुवार दस पॉइन्ट को दर्शाया गया है।

🌐इन दस बिंदुओं के जरिये किया जा रहा लोगों को जागरूक :

  1. कालाजार एक जानलेवा बीमारी है, जो संक्रमित मादा बालू मक्खी के काटने से फैलता है।
  2. 15 दिन से अधिक बुखार हो सकता है कालाजार, जिसकी जांच और इलाज मुफ्त में हर पीएचसी और सदर अस्पताल में उपलब्ध है। इसकी सूचना तुरंत आशा दीदी को देनी चाहिए।
    3.कालाजार से बचाव (बालू मक्खी के नाश के लिए ) सरकार के द्वारा साल में दो बार कीटनाशक दवा का छिड़काव कराया जाता है, जिसमें सहयोग करें।
    4 . छिड़काव सभी घरों (सोने का कमरा, पूजा घर, रसोई आदि ) में, घरों के बरामदा और गौशाला में दीवारों पर जमीन से छह फीट ( दो गज) ऊंचाई तक कराएं।
  3. छिड़काव के बाद 3 महीने तक दीवार की लिपाई पुताई नहीं करवानी चाहिए, क्योंकि इससे दवा का असर समाप्त हो जाता है।
  4. कालाजार का इलाज अब मात्र एक सूई (एमबीजोम ) से एक ही दिन में बिल्कुल मुफ्त किया जाता है।
  5. कालाजार मरीज को सरकार के द्वारा 7100 रुपए आर्थिक सहायता भी प्रदान की जाती है।
  6. शरीर पर सिहुली जैसा दाग, चकत्ते या गांठ त्वचा का कालाजार (पीकेडीएल)हो सकता है, जिसका मुफ्त इलाज सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध है।
    9.घर-घर में इसकी जानकारी, दूर करे कालाजार की बीमारी।
  7. सभी बीमारी की एक दवाई, घर में रखें साफ-सफाई। खुले में शौच ना करें, शौचालय का उपयोग करें।