पानापुर(सारण)। पानापुर सतजोड़ा मुख्य मार्ग पर दुबौली ब्रह्मस्थान के समीप सोमवार की दोपहर अपराधियों ने सीएसपी संचालक से हथियार के बल पर दो लाख रुपये लूटकर फरार हो गये ।पीड़ित सीएसपी संचालक पकड़ी नरोत्तम गांव निवासी पप्पू कुमार सिंह बताए जाते हैं जो सतजोड़ा बाजार पर भारतीय स्टेट बैंक का सीएसपी चलाते हैं।बताया जाता है कि  सोमवार को दोपहर करीब बारह बजे वे  भारतीय स्टेट बैंक की तरैया शाखा से रुपये की निकासी कर सतजोड़ा लौट रहे थे ।इसी बीच बाइक से पीछा कर रहे अपराधियों ने दुबौली ब्रह्मस्थान के समीप उन्हें ओवरटेक कर रोका जिससे उनका  संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क से दूर खेतों में बने गड्ढे में जा गिरे।अपराधियों द्वारा  रुपए से भरा बैग छीने जाने के दौरान आनाकानी करने पर अपराधियों ने उनपर फायरिंग कर दी ।हालांकि गनीमत रही कि गोली उन्हें नही लगी।अपराधी रुपयों से भरा बैग बलपूर्वक छीनकर फायरिंग करते हुए सतजोड़ा की तरफ फरार हो गए ।बताया जाता है कि काले रंग के स्पेलेंडर प्लस एक बाइक पर तीन अपराधी सवार थे।फायरिंग की आवाज सुन आसपास के ग्रामीण दौड़े एवं स्थानीय पुलिस को सूचना दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अपराधियों ने दो फायर किया है।सूचना मिलते ही स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची एवं मामले की छानबीन शुरू की।वही सूचना पाकर डीएसपी इंद्रजीत बैठा भी  पानापुर पहुँचे एवं  जांच पड़ताल शुरू कर दिया ।पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरा को खंगाला जा रहा है ताकि अपराधियों का कुछ सुराग लग सके।