सिवान :भव्य रंगयात्रा के साथ नाट्य और नृत्य उत्सव का हुआ समापन
न्यूज़ इनपुट-परवेज़ अख्तर 
 सिवान: डॉ. राजेंद्र प्रसाद अखिल भारतीय नृत्य एवं नाट्य महोत्सव का समापन सोमवार को शहर में रंग यात्रा के साथ हुआ। इसमें आठ 
राज्यों के कलाकार शामिल हुए। यह रंग यात्रा टाउन हॉल से शुरू होकर जेपी चौक, बबुनिया मोड़ होते राजेंद्र उद्यान तक पहुंची। जद यू के वरिष्ठ नेता मंसूर आलम एवं कला निकेतन के निदेशक विजय श्रीवास्तव सहित सभी कलाकारों ने यहां डॉ. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। जेपी चौक पर लोकनायक की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण कर उनको नमन किया गया। इस दौरान कलाकारों ने नृत्य एवं झांकी के माध्यम से एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर शहरवासियों को भावविभोर कर दिया। रंग यात्रा में हर राज्य की झांकी देखने को मिली। असम के कलाकारों ने बिहू नृत्य पेश कर सबको पूर्वोत्तर के लोकनृत्य से परिचित कराया। नृत्यम नमामि डांस एंड म्यूजिक संस्थान रायपुर छतीसगढ़ के कलाकारों ने मीता राहंगडाले के निर्देशन में आदिवासी नृत्य करमा पेश किया। इस दौरान कला निकेतन के अध्यक्ष डॉ. संतोष श्रीवास्तव, सचिव विजय शंकर पांडेय, संगठन सचिव इंतजार हुसैन, अनिल श्रीवास्तव, सुनील श्रीवास्तव, सुरेश प्रसाद, ऋषि राज, धनंजय यति, जितेंद्र यादव, निरंजन कुमार, चंदन कुमार,अभिषेक कुमार, निशा प्रभाकर, सोना खान, लालबाबू प्रसाद, गुलाम हैदर, प्रदीप कुमार रोज, राजन श्रीवास्तव, बब्लू सहित सैकड़ों कलाप्रेमी दर्शक मौजूद रहे।