सिवान :बिजली की टूटकर गिरी तार, तीन बीघा की फसल बर्बाद
#परवेज अख्तर, सिवान :
हसनपुरा:सहुली पंचायत के तेलिया सागर में शुक्रवार को हाईटेंशन तार टूटकर एक गेहूं लगे खेत में गिर गई जिससे खेत में आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते तीन बीघा की फसल जलकर राख हो गई। जब तक ग्रामीण कुछ कर पाते सबकुछ जलकर राख हो चुका था। इधर ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने के लिए अग्निशमन विभाग को सूचना दी लेकिन जबतक दमकल वहां पहुंची आग ने सबकुछ बर्बाद कर दिया था। ग्रामीणों ने आसपास के खेतों में लगे अरहर के पौधों को तोड़कर किसी तरह से आग पर काबू पाया। घटना की सूचना मिलते ही बीडीओ कुणाल कुमार, सीओ सुनील कुमार सिंह व एमएच नगर थाना के सअनि विद्यासागर साह, तेलिया सागर ने मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया। अगलगी में जिनकी फसल जली है उनमें सकलदेव यादव का एक कट्ठा, दिलीप कुमार वर्मा डेढ़ बीघा, तारकेश्वर यादव का 10 कट्ठा, विजय यादव का 10 कट्ठा, सुभाष यादव दो कट्ठा, सुगंध यादव का तीन कट्ठा फसल शामिल है। स्थानीय लोगों ने बताया कि फायर ब्रिगेड की ऐसी
स्थिति रहेगी तो आग पर काबू पाना काफी मुश्किल होगा। स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले साल भी तेलिया सागर में 11 हजार का तार टूटकर गिर गया था जिससे सैकड़ों गेहूं के बोझे जलकर राख हो गए थे। इसके बावजूद बिजली विभाग द्वारा कोई कारगर कदम नहीं उठाया गया। स्थानीय लोगों ने बीडीओ कुणाल कुमार से जर्जर तार को बदलने की मांग की। इस बाबत बीडीओ ने कहा कि अगर आवेदन मिलेगा तो जर्जर तार बदलने के लिए बिजली विभाग को लिखा जाएगा। वहीं सभी पीड़ितों ने सीओ को आवेदन देकर सरकारी सहायता देने की म़ांग की है।
—————




Recent Comments