सिवान :बस से उतरे यात्री की ट्रक के धक्के से घटनास्थल पर हुई मौत
#परवेज़ अख्तर/सीवान:
जिले के भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के स्टेट हाईवे 73 पर बाइस कठ्ठा पाण्डेय मोड़ के पास सोमवार को बस से उतरे एक यात्री(व्यक्ति) की तेज गति से आ रही ट्रक के धक्के से मौत हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार पहले तेज गति से आ रही पिकअप ने धक्का मारा, जिससे वे गिर पड़े। जबतक वे सम्भलते तबतक उसके पीछे तेज गति से आ रही ट्रक ने उसे धक्का मार दिया, इससे उसकी घटनास्थल पर हीं मौत हो गई। दुर्घटना के बाद दोनों गाड़ियों के ड्राइवर गाड़ी लेकर मशरख की ओर फरार हो गए। मृतक सारण जिले के बनियापुर थाने के सरेयां सतुआ गांव का युसुफ अंसारी(45 वर्ष) था। इस घटना से आक्रोशित लोग शव को सड़क पर रख लकड़ी से सड़क जाम कर प्रदर्शन करने लगे। आक्रोशित लोगों का कहना था कि आए दिन इस सड़क पर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लेकिन प्रशासन इसे रोकने के लिए कोई ठोस पहल नहीं कर रही है। लोग सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनाने व मृतक के परिवार को मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। घटना की सूचना मिलने पर बीडीओ रवि सिन्हा, सीओ पंकज कुमार, थानाध्यक्ष राकेश मोहन, एसआई रामाधार सिंह, एएसआई वैद्यनाथ राम पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने स्थानीय मुखिया व अन्य गणमान्य लोगों के सहयोग से लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया। बीडीओ रवि सिन्हा ने मृतक के परिवार को सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। स्थानीय मुखिया सुशील कुमार मिश्र ने तत्काल तीन हजार रुपये सहायता राशि दी। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीवान सदर अस्पताल भेज दिया। काफी मशक्कत के बाद करीब तीन घंटे के बाद जाम हटा, और यातायात सामान्य हुआ।
यह घटना उस समय घटी जब युसुफ अंसारी अपनी बहन हसबुन नेशा, भतीजा अरमान व भतीजी तमन्ना खातुन के साथ सरसैंया गांव के मनीर आलम के घर सोमवार को शादी समारोह में शामिल होने आ रहे थे। वे लोग मलमलिया से बस पकड़ पाण्डेय मोड़ उतरे थे। मृतक की भतीजी तमन्ना ने रोते हुए बताया कि जैसे हीं हमलोग बस से उतरे तभी मलमलिया की ओर से तेज गति से आ रहे पिकअप ने उसके बड़े अब्बू को धक्का मार दिया। इससे वे गिर पड़े, तबतक पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने कुचल डाला। घटना के बाद दोनों गाड़ियां फरार हो गईं।
मौके पर मुखिया सुशील कुमार मिश्र, पूर्व प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार सिंह, अरुण सिंह, मो. समीउल्ला अंसारी, समसूद तौरेज अंसारी, राजन सिंह, शंकर मिश्र, भगवत मांझी, मोहित कुमार, चंदन कुमार आदि थे।