परवेज अख्तर/सिवान
गर्मी के मौसम में उत्पन्न होने वाले पेयजल की समस्या से निपटने के लिए लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के कार्यपालक अभियंता विनोद कुमार ने शनिवार को शहर के आंबेडकर भवन परिसर से चापाकल मरम्मती दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि जिले के 19 प्रखंडों के सभी 293 पंचायतों के लिए कुल 19 चापाकल मरम्मती दल को रवाना किया गया है। इसमें दल के सभी सदस्य चापाकल से जुड़े सारे औजार के साथ गांव-गांव एवं शहर-शहर में घूमकर खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत करेंगे, ताकि सुचारू ढंग से स्वच्छ पेयजल ग्रामीण क्षेत्र में ग्रामीणों राहगीरों को उपलब्ध हो सके। बताया कि प्रखंडों में जाने वाले चापाकल मरम्मती कर्मियों का मोबाइल नंबर भी जारी किया गया है। इससे आम आदमी भी फोन कर चापाकलों से संबंधित गड़बड़ी की जानकारी दे सकेंगे। सूचना मिलने के बाद चापाकल मरम्मती दल उस क्षेत्र में जाकर खराब चापाकल को ठीक करने का काम करेंगे। गड़बड़ी दूर करने या सामान बदलने की एवज में इन सभी के द्वारा किसी भी प्रकार की कोई राशि किसी से नहीं ली जाएगी। एसडीओ मनीष कुमार ने बताया कि जिले के लगभग सभी इलाकों में लगाए गए शत प्रतिशत चापाकलों की मरम्मती का लक्ष्य रखा गया है। गर्मी के दिनों में अक्सर बिजली नहीं रहने के कारण पानी सप्लाई में दिक्कत होती है। उस वक्त लोगों को चापाकल की जरूरत पड़ती है। बता दें कि 15 अप्रैल तक जिले में सभी खराब चापाकलों को चालू करने का निर्देश सरकार द्वारा दिया गया है। मौके पर विभाग के कार्यपालक अभियंता विनोद कुमार, एसडीओ मनीष कुमार, प्रशाखा जेई सदर कुमारी निश्चल, मैरवा प्रशाखा के जेई मो. शकिम, महाराजगंज प्रशाखा के जेई अजीत कुमार, विकास कुमार, मुरारी रजक, सुनील कुमार, वीरेंद्र यादव सहित लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के कर्मी उपस्थित थे।
पेयजल की समस्या से निपटने को बनेंगे सभी खराब चापाकल




Recent Comments