मढ़ौरा(सारण)।बाढ़ से सारण जिले के सबसे अधिक प्रभावित पानापुर प्रखंड क्षेत्र के बाद अब तरैया,मशरक अमनौर,मकेर प्रखंड में भी पानी से तबाही मची हुई है. पानी का तेजी से बहाव के कारण अमनौर की मही नदी उफान पर है. जिससे नदी के किनारे वालों इलाकों में पानी का तेजी से फैलाव होने से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है.नदी के पश्चिमी भाग में मढ़ौरा प्रखंड के भावलपुर, बिशुनपुर जगदीश, कोल्हुआ, जमालपुर,कर्णपुरा, नौतन आदि गांवों में पानी प्रवेश कर गया है.जहां पर निचले इलाकों से लोग बाहर निकल ऊंचे टीले पर अथवा अपने घर के छतों पर शरण ले रहे है.

मढ़ौरा प्रखंड के दो पंचायत भावलपुर और नौतन में बाढ़ की चिंताजनक बनती स्थिति की सूचना के बाद जिप अध्यक्ष भावलपुर पंचायत के गांवो में पहुंच लोगों का हालचाल जाना।शुक्रवार को पहुंची जिप अध्यक्ष मीना अरुण ने भावलपुर के सभी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों तक गयी और बाढ़ से लोगों की बढ़ी परेशानी को देखा। कहा की लोग बुरी तरह से परेशान है, घरों में कई कई फीट तक पानी आ गया है । सरकारी स्तर पर तेजी से सहायता उपलब्ध कराने की आवश्यकता है । उन्होने बताया कि पंचायत में नाव की जरुरत है वही एनडीआरएफ की टीम को भी लगाया जाना चाहीये।इधर गुरुवार की शाम विधायक जितेन्द्र राय ने भी सीओ व बीडीओ के साथ लोगों की परेशानी को देखा और तत्काल सरकारी सुविधा शुरु कराने हेतु कहा।जहां पर जनप्रतिनिधियों के पहल पर शुक्रवार को भावलपुर गांव में सामुदायिक रसोई प्रारंभ करा दिया गया।