सारण जिले में अब निर्बाध बिजली मिलने की जगी आस, रसूलपुर ग्रिड पहुंचा दूसरा 106 एमवीए का नया ट्रांसफार्मर


#सांसद रुडी की इस पहल से विकास को मिलेगा नया आयाम
छपरा : 28 मई, 2018 :सारण की जनता के लिए खुशखबरी है, अब बिजली के अभाव में आमजन सहित उद्योगों व कृषकों के कार्य प्रभावित नहीं होंगे। अपने संसदीय क्षेत्र सारण के विकास के लिए निरन्तर प्रयासरत स्थानीय लोकसभा सदस्य राजीव प्रताप रुडी ने छपरा को उसकी आवश्यकता के अनुसार विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करवाई है। श्री रुडी के इस कार्य से क्षेत्रीय विकास को नया आयाम मिलेगा। अभी तक 106 एमवीए, 220/132 केवी के एक बिजली ट्रांसफरमर से विद्युत आपूर्ति कर रहे रसूलपुर ग्रिड में दूसरा ट्रांसफार्मर पहुंच गया है, जिसे शीघ्र हीं चालू किया जाने की उम्मीद है। इस पावर ट्रांसफॉर्मर को चालू करने पर छपरा ग्रिड में पर्याप्त बिजली उपलब्ध होगी और आसन्न क्षेत्र को पूर्ण विद्युत आपूर्ति होगी। विदित हो कि सन 2014 तक जिले को 5 से 6 घंटे ही बिजली मिलती थी जिसके कारण घरेलू व औद्योगिक उपभोक्ताओं के अलावा कृषकों को परेशानी होती थी। पर सांसद श्री रुडी के प्रयास से रसूलपुर ग्रीड स्थापित होने के बाद से 65 मेगावाट तक की विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो पाई है, और वर्तमान में 20 से 22 घंटे बिजली का उपभोग जिले के उपभोक्ता कर रहे है। अब कुछ ही दिनों में छपरावासी रसूलपुर सब स्टेशन से आपूर्ति होने वाली पूरी बिजली का उपभोग कर सकेंगे।
इस सन्दर्भ में श्री रुडी ने कहा कि जिस तरह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के सक्षम नेतृत्व में देश ने विकास की नयी इबारत लिखी, उसी तरह आगे भी हम देशवासी प्रधानमंत्री का हाथ मजबूत करते हुए देश को विश्वस्तरीय विकास के पथ पर और आगे बढ़ायेंगे। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री के कुशल व दूरदर्शी केन्द्रीय नेतृत्व व उनके मार्गदर्शन का ही परिणाम है कि छपरावासियों की बहुप्रतीक्षित माँग पूरी हो रही है और उन्हें अब शीघ्र ही उनकी आवश्यकता के अनुसार बिजली मिलनी शुरू हो जायेगी। विदित हो कि रसुलपुर ग्रीड को स्थापित कराने से लेकर इसके स्थापना आये अवरोधों और विवादों का निपटारा कराने में सांसद रुडी का प्रयास महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्थानीय जनता की एक सब स्टेशन की मांग को पूरा कराया जिसका शीघ्र हीं शिलान्या होना है। इसके पूर्व स्थानीय रसूलपुर ग्रिड से छपरा तक उच्च विभव संचरण केबल से आपूर्ति करने हेतु चार विशाल टावर बनाये गये थे। इसपर स्थानीय लोग आपत्ति किये और मामला न्यायालय तक में पहुंच गया था जिसका निपटारा सांसद ने अपने स्तर से किया। इन टावरों से विद्युत आपूर्ति से पूर्व ही श्री रुडी ने स्थलीय पड़ताल की और निर्बाध विद्युत आपूर्ति का ट्रायल भी करवाया था जो सफल रहा था। अब विद्युत तकनीकी सूत्रों ने बताया कि जून से निर्बाध बिजली छपरा को मिलने लगेगी।