सारण :उप स्वास्थ्य केन्द्र के भवन निर्माण में व्यापक धांधली बरते जाने को लेकर स्थानीय लोगों ने किया विरोध प्रदर्शन
अमनौर /सारण

अमनौर प्रखंड अंतर्गत शेखपुरा पंचायत के पैगा कला महादलित बस्ती में उप स्वास्थ्य केन्द्र के निर्माण में धांधली बरते जाने को लेकर स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया. शुक्रवार को मुखिया संतोष यादव व बीडीसी सदस्या ललिता गुप्ता के नेतृत्व में दो दर्जन से अधिक लोगों ने बताया कि लगभग आठ लाख रुपये की लागत से बन रही वाली उप स्वास्थ्य केन्द्र के लिए भवन निर्माण का कार्य सन 2009 से बंद पड़े हैं. उक्त भवन निर्माण कार्य मात्र लिंटर तक किया गया है. पिछले आठ वर्षों से निर्माण कार्य ठप पड़ा है. वहीं बगल में पहले से निर्मित एक रुम का एक छोटा भवन है जहां हमेशा ताला लटके रहते हैं. काफी दिनों से बंद रहने के कारण चारो तरफ जंगल झाड़ उग आए हैं. स्वास्थ्य विभाग का आलम यह है पिछले पांच वर्षों से उक्त स्वास्थ्य केन्द्र में आजतक कोई एएनएम नहीं आयी है. जिस कारण यहां के लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ नहीं मिल रहा है. आक्रोशित ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग के इस लचर व्यवस्था के खिलाफ सरकार तथा स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. और चेतावनी देते हुए बताया कि अगर स्वास्थ्य विभाग जल्द उक्त स्वास्थ्य केन्द्र भवन का निर्माण कार्य पूरा नहीं करती है तो अमनौर पीएचसी का घेराव करने को मजबूर होना पड़ेगा. इधर इस बाबत जानकारी लेने के लिए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ बीके चौधरी से मोबाइल पर संपर्क साधा तो उनका मोबाइल बंद पाये गये. वहीं अमनौर पीएचसी के स्वास्थ्य प्रवंधक शिव कुमार पासवान ने बताया कि विभाग द्वारा इस तरह की भवन निर्माण की जानकारी उपलब्ध नहीं कराती है. इस मामले में विभाग को अवगत कराया जाएगा. विरोध प्रदर्शन करने वालों में मुख्य रूप से संतोष गुप्ता , शैलेश राम , बीडीसी सदस्या कमला देवी , चांद ज्योति , बीणा कुमारी , उर्मिला देवी , मुन्नी देवी , विश्वनाथ साह , शंकर कुमार , पान मोहम्भद , जीउत माझी , कमालुद्दीन , धुरेन्द्र सिंह , बब्लु कुमार , रामजीत माझी , राजकुमार माझी , अश्विनी कुमार राम , डाॅ. उमानाथ गुप्ता , योगेन्द्र प्रसाद व पपु कुमार राम आदि शामिल थे.




Recent Comments