बुडको के उप परियोजना निदेशक ने किया स्थल निरीक्षण

पानापुर (सारण)।गंडक नदी के किनारे सारंगपुर डाकबंगला घाट पर प्रस्तावित विद्युत शवदाह गृह के निर्माण स्थल का बुधवार को बुडको के उप परियोजना निदेशक कुमार अमन नें स्थल का भौतिक निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान उप परियोजना निदेशक और अधिकारियों की टीम ने निर्माण स्थल को चिह्नित किया साथ ही सुरक्षा मानकों की समीक्षा की. उन्होंने बताया कि निर्माण के लिए लगभग 18 मीटर भूमि की जरूरत होगी। फिलहाल जहां शव जलाया जा रहा हैं वहां की भूमि निर्माण के लिए नाकाफी हैं।बाद में उन्होंने सारंगपुर डाकबंगला से सटे भूमि की पैमाइश करायी एवं उसे चिन्हित किया।बताते चलें कि सारंगपुर डाकबंगला घाट पर प्रखंड के भोरहा, महम्मदपुर, तुर्की, पानापुर, रसौली सहित मशरक प्रखंड के कई गावों के लोग सारंगपुर डाकबंगला घाट पर शवदाह के लिए पहुंचते हैं। महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, तरैया विधायक जनक सिंह, जिला परिषद के सदस्य रत्नेश कुमार भास्कर,माले नेता सभा राय सहित कई जनप्रतिनिधि भी इस घाट पर विद्युत शवदाह गृह निर्माण की मांग करते रहे हैं।मौके पर उपस्थित मुखिया प्रतिनिधि ललन महतो नें कहा कि इसके निर्माण से न केवल अंतिम संस्कार की प्रक्रिया आसान और त्वरित होगी, बल्कि पारंपरिक शवदाह से होने वाले वायु और जल प्रदूषण पर भी रोक लगेगी।