सांसद रुडी के पहल पर सारण को अब दो सर्किट से विद्युत आपूर्ति, घरेलू, व्यावसायिक व कृषि विद्युत व्यवस्था हुई सुदृढ़
• आंधी-तूफान में भी विद्युत आपूर्ति प्रभावित न होने की दूरगामी व्यवस्था पर चल रहा है कार्य
• कल आंधी के बाद भी जिला में 155 मेगावाट बिजली की खपत
• छपरा में 11000 किलोमीटर लंबी बिजली के तार और लाइन से हो रहा है विद्युत आपूर्ति

छपरा । सांसद राजीव प्रताप रुडी के पहल पर बिजली संबंधित समस्याओं के स्थायी निदान की रणनीति का आम लोगों को लाभ मिलना शुरू हो गया है।इसी के तहत सारण के हर क्षेत्र को सुचारु विद्युत आपूर्ति के लिए दो सर्किट बनाकर जोड़ने की भी पहल शामिल है। इसका परिणाम है कि कल आई तेज आंधी और बारिश में भी जहां बिहार के अन्य जिलों की विद्युत व्यवस्था चरमरा गई थी वहीं सारण के कई इलाकों में इस दौरान भी बिजली की खपत 155 मेगावाट रही। दरअसल कुछ वर्ष जिला में पूर्व विद्युत आपूर्ति बार-बार बाधित होने के कारणों पर सांसद ने अधिकारियों के साथ मंथन किया। इसके पश्चात सांसद ने पहल करते हुए सारण में 11000 किलोमीटर के बिजली की लाइन के साथ कई पावर सब स्टेशन का निर्माण कर जोड़ा गया और 10500 ट्रांसफॉर्मर से लोगों के घर और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के में विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की गई। देश में कोविड महामारी के कारण जारी लॉकडाउन में भी सांसद जिले के विकास कार्यों की समीक्षा संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ नियमित वीसी के माध्यम से करते है। आज बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ सांसद की बैठक हुई जिसमें अधीक्षण अभियन्ता विवेकानन्द ने बताया कि कल तेज आंधी और बारिश के कारण जिले में पटरी से उतरी बिजली व्यवस्था को 12 घंटे के अंदर पुनः बहाल कर दिया गया है।जब बिहार सरकार ने कृषि के लिए अलग से फिडर की व्यवस्था की तो उसका भी लाभ सारण के किसानों को सांसद रुडी ने दिलाया और कृषि कार्य के लिए 23 किलोमीटर लंबी लाइन के साथ 1800 ट्रांसफार्मर लगवाकर 5000 कनेक्शन दिया गया है। वीडियो कांफ्रेंस पर बातचीत करते हुए सांसद ने बिहार सरकार, मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी और ऊर्जा मंत्री विजेंद्र यादव को विशेष धन्यवाद भी दिया कि आंशिक ही सही एक अप्रैल से 10 पैसे प्रति यूनिट बिजली के मूल्य में कमी लाई गई है। सारण जिला के विद्युत अधिकारियों के साथ विडियों कांफ्रंेस के जरिये बैठक के दौरान अधीक्षण अभियंता विवेकानंद ने बताया कि कुछ माह पूर्व तक ब्रम्हमपुर फिडर से काशी बाजार, गुदरी बाजार, स्टेशन रोड जैसे कई शहरी इलाकों में 6 मेगावाट की बिजली आपूर्ति की जाती थी। अन्य क्षेत्रों की अपेक्षा यहां मिलने वाली बिजली की गुणवत्ता सबसे खराब होती थी और तकनीकी खामी या आंधी तुफान के कारण सबसे ज्यादा प्रभावित होता था। जब यह फिडर बंद होता था जब इससे लगभग 60 प्रतिशत शहरवासी प्रभावित होते थे। इसके स्थायी निदान के लिये सांसद रुडी के निर्देशानुसार ब्रम्हपुर फिडर से आपूर्ति की जाने वाले इलाकों को चार फिडर में विभाजित करते हुए निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की गई। वर्तमान में चार फिडर से इन इलाकों में बिजली की आपूर्ति की जाती है जिससे सभी मुहल्लों में 23 घंटे से अधिक बिजली उपलब्ध हो रही है।
सांसद रुडी ने बताया कि कुछ वर्षों पूर्व तक सारण में विद्युत आपूर्ति सुचारु नहीं हो पा रही थी। विद्यार्थियों, व्यवसायों, किसानों और तमाम लोग को इसके कारण काफी कष्ट उठाना पड़ रहा था। रोजमर्रा के अधिकतर काम बिजली से ही संचालित होते है और प्रतिदिन उपयोग में आने वाले उपकरण भी बिजली से ही चलते है। ऐसे में बिजली की वह उपयोगिता को देखकर बिहार सरकार के ऊर्जा विभाग और केंद्रीय परियोजनाओं का लाभ दिलाने के लिए मेरे तरफ से प्रयास जब किया गया तो इसका सुफल अब देखने को मिल रहा है। कई विद्युत सब स्टेशनों का निर्माण भी किया गया और पुराने ग्रिड को दुरुस्त किया गया जिसके कारण विद्युत आपूर्ति अब सुचारु होती है। बरसात और आंधी-तूफान के कारण भी कम से कम समय के लिए ही विद्युत आपूर्ति बाधित होती है और इस दौरान विद्युत खंभे या तार कही छतिग्रस्त होते है तो उनको विद्युत विभाग के अभियंता और कर्मी तुरंत मरम्मत करते है।
सांसद के दूरदर्शी सोच का ही परिणाम है कि विद्युत आपूर्ति के लिए दो सर्किट बनाकर अब रिविलगंज को तेलपा और मांझी से, छपरा शहर को राजेन्द्र सरोवर के साथ-साथ प्रभुनाथ नगर से सोनपुर और दिघवारा को हाजीपुर के साथ शीतलपुर से विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। रुडी ने बताया कि इन क्षेत्रों में पहले जब एक फिडर से विद्युत आपूर्ति होती थी तब किसी कारणवश ब्रेकडाउन होने पर इसे ठीक करने में 12 से 14 घंटे लगते थे। पर अब किसी एक फिडर में खराबी आने पर उन क्षेत्रों को दूसरे फिडर से जोड़ दिया जाता है जिससे विद्युत आपूर्ति सुचारु रहती है। यही कारण है कि कल सुबह और शाम को आई तेज आंधी में भी शहर की विद्युत व्यवस्था सुचारु रही।




Recent Comments