दैनिक खोज खबर/भगवानपुर हाट (सिवान)। थाना क्षेत्र के मलमलिया में चार जुलाई को दिनदहाड़े हुई तीन लोगों की हत्या को लेकर सियासत तेज हो गया है। पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से मुलाकात की। उन्होंने राज्यपाल को ज्ञापन सौंप इस घटना की सीबीआइ जांच कराने की मांग की है। साथ ही दोषी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की भी मांग की। उन्होंने कहा कि बिहार में बढ़ते अपराध पर नियंत्रण के लिए विशेष टास्क फोर्स बनाई जाए। पप्पू यादव ने कहा कि चार जुलाई को शुक्रवार को सिवान जिले के भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के मलमलिया में जो हुआ वह केवल अपराध नहीं बल्कि सुनियोजित आतंक और माफियाराज की पराकाष्ठा है। तलवार और गोली से तीन लोगों की हत्या ने पूरे राज्य को झकझोर दिया है। बदमाशों को न पुलिस की डर है और न शासन-प्रशासन की। पप्पू यादव ने कहा कि बिहार में हर दिन हत्या, लूट, दुष्कर्म, रंगदारी, अपहरण और गैंगवार की घटनाएं हो रही हैं।