
बैठक करते सांसद राजीव प्रताप रूडी
सांसद पंचायत एम्बुलेंस सेवा संचालन के लिए अधिकारियों व ग्राम पंचायत के मुखिया के साथ सांसद रुडी ने की बैठकछपरा (29 सितम्बर, 2019) । सारण लोकसभा क्षेत्र के सांसद सह भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव प्रताप रुडी ने अपने स्थानीय सांसद विकास निधि द्वारा प्रदत्त ‘सांसद-पंचायत एम्बुलेंस सेवा’ के संचालन एवं रख-रखाव के साथ ही इसके संचालन के लिए गठित पंचायत संचालन समिति और जिला एम्बुलेंस संचालन समिति के बीच एकरारनामा तैयार करने हेतु मुखिया एवं पंचायत सेवकों के साथ उप विकास आयुक्त आदित्य प्रकाश, सिविल सर्जन डा॰ मधेश्वर झा समेत जिले के अन्य वरीय अधिकारियों के साथ बैठक की। शनिवार को अमनौर के विश्व-प्रभा सामुदायिक केंद्र में आयोजित बैठक की अध्यक्षता सांसद श्री रुडी ने की। ज्ञातव्य है कि श्री रुडी ने अपने लोकसभा संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत सभी पंचायतों में जनता को त्वरित स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उदेश्य से अपने सांसद निधि से सांसद-पंचायत एम्बुलेंस सेवा की शुरूआत की। इसके तहत सांसद का उदेश्य सभी पंचायतों को एक एम्बुलेंस उपलब्ध कराना है। योजनान्तर्गत 45 पंचायतों को एम्बुलेंस की यह सुविधा अभी उपलब्ध कराई गई। इसके पूर्व सांसद निधि से ही जिले में 15 अन्य एम्बुलेंस का संचालन किया जा रहा है। एम्बुलेंस सेवा से दूर दराज के मरीजों को अच्छे अस्पतालों में इलाज के लिए लाने और ले जाने में जो असुविधा होती थी, वो दूर होगी। सांसद पंचायत एम्बुलेंस सेवा के संचालन से जिले में निजी एम्बुलेंस संचालकों द्वारा मनमाना किराया वसूलने पर रोक लगा है।
बैठक की जानकारी देते हुए भाजपा बिहार प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राकेश कुमार सिंह ने बताया कि सांसद राजीव प्रताप रुडी की सांसद निधि से संचालित एम्बुलेंस सेवा के लिए एक कॉल सेंटर स्थापित किया गया है। जहां निःशूल्क टॉल फ्री नं॰ 1800345622 पर क्षेत्र का कोई भी व्यक्ति फोन करके एम्बुलेंस की त्वरित सेवा प्राप्त कर सकता है। प्राथमिक चिकित्सा की सुविधा व जीपीएस तकनीक से सुसज्जित यह एम्बुलेंस सेवा सारण में ही नहीं बल्कि पटना समेत अन्य बड़े अस्पतालों में भी मरीजों को पहुंचाने की सुविधा प्रदान करती है। इस सेवा के कारण अब तक हजारों लोग स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर चुके है। इसी योजना के तहत बचे अन्य ग्राम पंचायतों में भी एम्बुलेंस सेवा प्रदान की जायेगी। बैठक में असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, सारण, जिला योजना पदाधिकारी, सारण, जिला लेखा पदाधिकारी, सारण, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, सारण, जिला अनुश्रवण एवं मूल्यांकन पदाधिकारी और पूर्व में एम्बुलेंस के संचालन हेतु प्रदत्त पंचायतों के मुखिया एवं पंचायत सचिव भी उपस्थित थे।मालूम हो कि सांसद राजीव प्रताप रुडी ने जनकल्याण के वास्ते एम्बुलेंस सेवा की शुरूआत की। यह एम्बुलेंस सेवा सारण क्षेत्र की जनता के लिए और उनके परिवार के लिए वरदान साबित हो रहा है। बिहार के किसी सांसद द्वारा पहली बार जीपीएस तकनीक से लैस इस प्रकार की एम्बुलेंस सेवा की शुरूआत की गई है। जिस प्रकार के एम्बुलेंस सेवा सारण लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री रुडी ने आरंभ किया है, वह एक अनुकरणीय पहल है।




Recent Comments