निर्माणाधीन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल का अवलोकन करते मुख्य्मंत्री नीतीश कुमार

छपरा। सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ‘समाधान यात्रा के क्रम में सारण जिले में विभिन्न विभागों के अंतर्गत चल रही विकास योजनाओं का जायजा लिया। यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने पहले दरियापुर प्रखंड की सज्जनपुर मटिहान पंचायत के भैरोपुर-मानपुर गांव पहुंचे और वहां लोगों की समस्याएं सुनी और समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिया। मैरोपुर-मानपुर में अनुसूचित जाति-जनजाति उद्यमी योजना के तहत शुरू किए गए रागिनी शू हाऊस का मुख्यमंत्री ने जायजा लिया और वहां के निर्मित उत्पादों का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने वहां जीविका दीदियों से मुलाकात की और स्वयं सहायता समूह द्वारा बनाए गए विभिन्न उत्पादों का निरीक्षण किया। उन्होंने सतत् जीविकोपार्जन योजना के तहत 90 परिवारों को 12 लाख 23 हजार 950 रुपये का चेक सौंपा। जीविका दीदियों ने प्रतीक चिन्ह भेंटकर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। साथ ही जीविका दीदियों ने अपने द्वारा तैयार किए गए उत्पाद को भी मुख्यमंत्री को भेंट की।इसके बाद मुख्यमंत्री ने बिहार महादलित विकास मिशन से जुड़े लोगों से मुलाकात की और उन्हें समाज सुधार अभियान तथा बाल विवाह एवं दहेज प्रथा के खिलाफ अभियान चलाते रहने को कहा।

निर्माणाधीन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल का किया अवलोकन :

मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, छपरा का अवलोकन कर हो रहे निमार्ण कार्यों का जायजा लिया। अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य सह पथ निर्माण प्रत्यय अमृत ने मुख्यमंत्री को यहां हो रहे निर्माण के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने लाइब्रेरी, ऑडिटोरियम, प्ले ग्राउंड और गर्ल्स व ब्वॉयज हॉस्टल आदि के निर्माण के संबंध में भी मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि इसका निर्माण जल्द पूरा कराएं। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ लड़के-लड़कियों के लिए खेलकूद की भी व्यवस्था करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मेडिकल कॉलेज के पास ही इंजीनियरिंग कॉलेज और जे०पी० यूनिवर्सिटी भी है। इन सभी की आपस में कनेक्टिविटी बेहतर हो, इसका भी ख्याल रखें।

मुख्य्मंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं एवं पत्रकारों से की वार्ता :

समाधान यात्रा के दौरान जिला अतिथि गृह, छपरा में मुख्यमंत्री ने वहां उपस्थित लोगों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम पूछा और उन्हें नववर्ष की बधाई दी। वहां उपस्थित लोगों ने भी फूल-माला, अंगवस्त्र और प्रतीक चिह्न भेंटकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री वहां मौजूद लोगों की समस्याओं से भी अवगत हुए तथा समाधान के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
इसके पश्चात् पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जीविका दीदी बहुत अच्छा काम कर रही हैं। जिस प्रकार से हमलोगों ने जीविका समूह का गठन किया उसका लाभ सबको मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा कई तरह की योजनाएं चलाई जा रही हैं, उसको देखने हम यहां आये हैं। जो हो रहा है वो ठीक है लेकिन आगे और किया जाना जरुरी है, उसको जानने के लिए हमलोग घूम रहे हैं। हमारी यात्रा का यही मकसद है। हमलोग सभी की बातों को सुन रहे हैं। लोगों की समस्याओं संबंध में जो रिपोर्ट आयेगी उसके आधार पर सरकार निर्णय भी लेगी। मीडियाकर्मियों से भी मुख्यमंत्री ने कहा कि ठंड में तो हम घूम ही रहे हैं जो काम किया जा रहा है, उसे आपलोग भी दिखाईये।
किसी को मजबूरी में इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़े। इस मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पीटल को फोरलेन से जोड़ा जा रहा है। रेलवे लाइन से भी अंडरपास के द्वारा इसे जोड़ दिया जायेगा ताकि यहां आने-जाने में किसी को कोई दिक्कत नहीं हो। यहां पर लड़के एवं लड़कियों के लिए हॉस्टल का भी निर्माण कराया जा रहा है। अधिकारियों ने हमें आश्वस्त किया है कि इसका निर्माण कार्य 6 महीने के अंदर पूरा कर लिया जायेगा। सभी जिलों में मेडिकल कॉलेज के निर्माण की योजना है लेकिन अभी जितने जिलों के लिए पहले तय किया गया है उसको पहले पूरा करना है। मुख्य्मंत्री ने कहा कि मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेज में लड़कियों के लिए एक तिहाई आरक्षण का प्रावधान कर दिया है।अब लड़कियां काफी तादाद में मेडिकल और इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर सकेंगी।
इस दौरान उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव, वित्त, वाणिज्य कर एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा, विज्ञान एवं प्रावैधिकी मंत्री सह सारण जिले के प्रभारी मंत्री सुमित कुमार सिंह, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद जमां खान, कला संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री जितेंद्र कुमार राय, श्रम संसाधन मंत्री सुरेंद्र राम सहित सारण जिले के विधायकगण, विधान पार्षदगण, अन्य प्रतिनिधिगण, मुख्य सचिव आमिर सुबहानी, पुलिस महानिदेशक आर. एस. भट्ठी, अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य सह पथ निर्माण प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ० एस० सिद्धार्थ, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, ग्रामीण विकास विभाग के सचिव बालामुरुगन डी, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के सचिव देवेश सेहरा, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी जीविका सह मिशन निदेशक जल-जीवन-हरियाली अभियान राहुल कुमार, बिहार राज्य चिकित्सा सेवाएं एवं आधारभूत संरचना निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक दिनेश कुमार, आयुक्त सारण प्रमंडल पूनम, पुलिस उपमहानिरीक्षक सारण रेंज विकास कुमार, जिलाधिकारी छपरा राजेश मीणा, पुलिस अधीक्षक छपरा गौरव मंगला सहित अन्य वरीय अधिकारीगण उपस्थित थे।