दैनिक खोज खबर/मढ़ौरा (सारण)।मढ़ौरा थाना क्षेत्र के चैनपुर घूरना निवासी का मुजफ्फरपुर के सरैया कोठी के पास आज सुबह एक भीषण सड़क हादसे में एक कपड़ा व्यवसायी की जान चली गई। तेज रफ्तार ट्रक के धक्के से व्यवसायी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मढ़ौरा के चैनपुर घूरना निवासी स्व. राम सनई प्रसाद गुप्ता के 40 वर्षीय पुत्र विजय कुमार गुप्ता के रूप में हुई है। विजय कुमार गुप्ता की सरैया कोठी में ही कपड़े की दुकान है। रोज की तरह आज सुबह टहलने गए थे तभी सरैया कोठी रोड पर एक अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए शव को अपने कब्जे में लिया और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मुजफ्फरपुर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद विजय कुमार गुप्ता का पार्थिव शरीर वापस उनके पैतृक घर चैनपुर घूरना लाया गया।जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया इस हादसे के बाद से पूरे गांव और स्थानीय बाजार के व्यापारियों में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और धक्का मारने वाले ट्रक की तलाश जारी है।