
इसुआपुर। छपरा-सत्तरघाट मुख्य सड़क स्थित इसुआपुर थाना क्षेत्र के पुरसौली तिवारी मोड़ के पास सोमवार को अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से साइकिल चालक उमेश महतो की मौत हो गई। वहीं साइकिल पर सवार घायल उनके चाचा त्रिभुवन महतो का इलाज सीएचसी में चल रहा है। 25 वर्षीय अविवाहित मृतक स्थानीय थाना क्षेत्र के उसुरी काला गांव के स्वर्गीय देवनारायण महतो का पुत्र है। जो इसुआपुर बाजार से साइकिल पर चाचा को बिठा कर घर लौट रहा था कि तिवारी मोड़ के पास सामने से आ रही ट्रक की चपेट में आ गया। जिसकी सूचना मिलने पर इसुआपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों को इलाज के लिए सीएचसी इसुआपुर ले गई। जहां से गंभीर स्थिति में उमेश महतो को सदर अस्पताल छपरा रेफर कर दिया गया। लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर सुनकर ग्रामीणों ने पिपरहियां बाजार पर मुख्य सड़क को जाम तथा आगजनी कर यातायात अवरुद्ध कर दिया। हालांकि थानाध्यक्ष अशोक कुमार दास, बीडीओ नीलिमा सहाय, सीओ अजय कुमार ठाकुर, प्रखंड जदयू अध्यक्ष छविनाथ सिंह, जिला जदयू जल श्रमिक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष जयप्रकाश महतो, प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष स्थानीय मुखिया बिगन मांझी, पूर्व प्रमुख मितेंद्र कुमार यादव, सरपंच पति विजय सिंह व अन्य के समझाने बुझाने तथा मृतक के आश्रितों को सरकारी मुआवजा दिलवाने के आश्वासन के बाद लगभग तीन घंटे बाद यातायात बहाल कराया जा सका। वहीं जदयू के प्रदेश सचिव शैलेंद्र प्रताप सिंह ने परिजनों से मोबाइल पर अपनी गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। साथ ही परिवारिक लाभ और आपदा विभाग की तरफ से मिलने वाली चार लाख रुपए दिलवाने का भरोसा दिलाया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है। वहीं स्थानीय लोगों द्वारा पकड़े गए ड्राइवर पश्चिम चंपारण जिले के मैनाटांड़ निवासी लंगड़ राम को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।




Recent Comments