इसुआपुर। थाना क्षेत्र के प्यारेपुर गांव के पेशे से दर्जी का काम करने वाले 55 वर्षीय महम्मद इदरीश की मौत शनिवार की सुबह सड़क दुर्घटना में हो गई। वे घर से दवा खरीदने के लिए साइकिल से बाजार जा रहे थे कि रामचौरा गांव के पास शिवगंज से भकुरा भिठी बाजार की तरफ आ रही बालू लदी अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आ गए। जिससे घटनास्थल पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। घटनास्थल के पास से करीब 500 मीटर की दूरी में उनके शरीर के आधा दर्जन से अधिक टुकड़े बिखरे पड़े थे। वहीं सर शरीर से अलग होकर दूर जाकर फेंका गया था। घटना को अंजाम देने के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। घटना से आक्रोशित लोगों ने पहले शिवगंज भकुरा भिठी तथा बाद में भकुरा भिठी बाजार के पास छपरा-सत्तरघाट सड़क पर चौकी बेंच रखकर मुख्य सड़क को जाम कर दिया। हालांकि स्थानीय निवर्तमान प्रखंड प्रमुख मितेंद्र प्रसाद यादव, नवनिर्वाचित जिला पार्षद छविनाथ सिंह, नवनिर्वाचित मुखिया संजय रजक तथा अजय राय, पूर्व मुखिया बीगन मांझी, सरपंच पति विजय कुमार सिंह, अरुण सिंह, राजेश प्रताप सिंह उर्फ मुन्ना सिंह तथा थानाध्यक्ष विजय कुमार चौधरी ने गुस्साए लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया तब जाकर शीघ्र ही यातायात बहाल हो गया तथा लाश को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेजा गया। परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य के अकाल मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक की पत्नी मजबून निशा ने अज्ञात ट्रक चालक के विरुद्ध इसुआपुर थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।