मढ़ौरा ।

अनुमंडल स्थापना दिवस पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत स्कूली बच्चों के लिए शनिवार की संध्या सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुआ । कार्यक्रम में बच्चों ने अपनी प्रतिभा का जलवा दिखाया ।अनुमंडल के सभी प्रखंडों के सरकारी विद्यालयों से आए प्रतिभागियों ने अलग-अलग विद्या में अपनी कला का न सिर्फ प्रदर्शन किया बल्कि अपने कौशल से सबको प्रभावित भी किया ।सरकारी विद्यालय के बच्चों की प्रतिभा को बाहर लाने के लिए अनुमंडक प्रशासन नेे यह आयोजन किया था । कार्यक्रम में पहुंचे केंद्रीय विद्यालय मशरक के छात्र छात्राओं ने अपनी अद्भुत प्रतिभा से लोगों को प्रभावित किया । दूर्गा वंदना, सोहर और जल जीवन हरियाली पर नृत्य से केंद्रीय विद्यालय के बच्चों ने दर्शकों पर अपनी अलग छाप छोड़ी । अलग-अलग प्रखंडों के सरकारी विद्यालय से आए छात्रों ने भी न सिर्फ अपनी उपस्थिति जताई बल्कि यह जताया कि उनमें भी असीम संभावनाएं छुपी हुई है । उच्च विद्यालय कोंध भगवानपुर और कन्या मध्य विद्यालय अमनौर, उच्च विद्यालय अपहर के कई छात्रों ने अपनी प्रस्तुति के बाद आगत अतिथियों की जमकर वाहवाही लूटी । नृत्य गायन सहित अन्य विद्या में स्कूली बच्चों ने अपनी प्रतिभा को खूब दिखाया । बच्चों की प्रतिभा से प्रभावित दर्शक देर रात तक न सिर्फ जमे रहे बल्कि तालियां बजाते रहे । इसके पूर्व मंच का उद्घाटन एसडीओ नलिन प्रताप राणा ने नगर पंचायत के चेयरमैन ललन राय, मढ़ौरा सीओ रवि शंकर पांडे इसुआपुर, मसरख, मढ़ौरा, अमनौर के बीईओ की मौजूदगी में दीप जलाकर किया । कार्यक्रम में व्यस्तता के कारण थोड़ी विलंब से पहुंचे मढ़ौरा एसडीओ योगेंद्र कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि सरकारी विद्यालय के बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है । उन्हें सही मार्गदर्शन और मौका मिलता है तो वह अपने प्रतिभा से सबको आश्चर्यचकित कर सकते हैं । अनुमंडल प्रशासन बच्चों को यही अवसर उपलब्ध कराने का एक प्रयास कर रहा है । एसडीओ ने बच्चों के लिए आगे भी ऐसे कार्यक्रम को आयोजित करने की बात मंच से कही । सांस्कृतिक कार्यक्रम में चयनित प्रतिभागियों को 14 अप्रैल को आयोजित समापन समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा । संचालन संजीव कुमार ने जबकि कार्यक्रम संयोजन शिक्षक प्रमोद सिंह, अवधेश कुमार, वर्मा विक्रम राज ने किया ।