
दैनिक खोज खबर/मढ़ौरा (सारण)। प्रखंड के हसनपुरा गांव स्थित शिव मंदिर परिसर में सात दिवसीय श्री शतचंडी सह मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ की शुरुआत मंगलवार को भव्य कलश सह शोभा यात्रा के साथ हुई। इस धार्मिक आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। शोभा यात्रा में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु अपने हाथों में पवित्र कलश लेकर शामिल हुए। यह यात्रा हसनपुरा शिव मंदिर से प्रस्थान कर मढ़ौरा बाजार होते हुए ऐतिहासिक गढ़देवी मंदिर पहुंची। वहां विद्वान आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश में पवित्र जल भरा गया। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रास्ते में जगह-जगह सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा शरबत और पेयजल की उत्तम व्यवस्था की गई थी। शोभा यात्रा का नेतृत्व हसनपुरा के मुखिया अमित राय, बीडीसी मनोज राय, पैक्स अध्यक्ष पवन सिंह, हरेंद्र राय, समाजसेवी अभिषेक राय, अनुज गुप्ता, नवलेश सिंह, सुजय गुप्ता, पवन गुप्ता, आनंद कुमार, नीरज कुमार और सुधीर शर्मा सहित कई गणमान्य लोगों ने किया। यज्ञ संचालक और आयोजक अंबुज बाबा ने बताया कि इस सात दिवसीय महायज्ञ के दौरान माता दुर्गा की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। उन्होंने जानकारी दी कि महायज्ञ के दौरान सातों दिन श्रद्धालुओं के लिए धार्मिक सत्संग और रामलीला का भव्य आयोजन होगा। इसके अलावा, मेले में मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के झूले और मीना बाजार भी लगाए गए हैं।




Recent Comments