पानापुर(सारण)थाना क्षेत्र के धोबवल गांव स्थित सरकारी तालाब में शौच को गयी एक किशोरी की डूब जाने से मौत हो गयी । मृत  किशोरी इसी गांव की मुन्ना श्रीवास्तव की 17 वर्षीया पुत्री मनी कुमारी बतायी जाती है । बताया जाता है कि मनी कुमारी मंगलवार की शाम शौच के लिए गयी थी । इसी दौरान वह तालाब में डूब गयी । परिजनों द्वारा देर रात तक उसकी खोजबीन की गयी लेकिन कोई पता नही चला । इस बीच बुधवार की सुबह  तालाब किनारे उसका शव तैरता देख गांव में हड़कंप मच गया एवं वहां सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़  उमड़ पड़ी । सूचना पाकर स्थानीय थाने के एसआई प्रमोद कुमार एवं महेश सिंह पुलिसबल के साथ घटनास्थल पर पहुँचे एवं मामले की छानबीन की । पुलिस मृतका के शव के पोस्टमार्टम की तैयारी में जुटी थी । हालांकि स्थानीय जनप्रतिनिधियों की पहल  एवं मृतका के परिजनों की सहमति के बाद पुलिस ने पंचनामा लेकर शव को बगैर पोस्टमार्टम कराये परिजनों को सुपुर्द कर दिया ।