मढ़ौरा (सारण)।। प्रखंड क्षेत्र के ऐतिहासिक व पौराणिक स्थल शिल्हौरी स्थित शिलानाथ मंदिर परिसर में शुक्रवार को नौ दिवसीय श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ का शुभारंभ धूमधाम और धार्मिक उल्लास के साथ हुआ। महायज्ञ के पहले दिन भव्य एवं आकर्षक कलश यात्रा निकाली गई, जो शिल्हौरी मंदिर से निकलकर मढ़ौरा गढ़देवी मंदिर पहुंची और पुनः शिल्हौरी मंदिर परिसर स्थित यज्ञ मंडप में पहुंच कलश स्थापित किया गया। जिसमें पूरा इलाका जयकारों से गूंज उठा। शुक्रवार सुबह आयोजित इस कलश शोभायात्रा में सैकड़ों की संख्या में महिला व पुरुष श्रद्धालु पीत वस्त्र धारण कर शामिल हुए। कलश यात्रा में उत्साह को बढ़ाते हुए घोड़े, पारंपरिक बैंड-बाजा और मनमोहक झांकियां शामिल रहीं, जो आकर्षण का मुख्य केंद्र थीं। यज्ञ आयोजन समिति के अध्यक्ष सह स्थानीय विधायक व पूर्व मंत्री जितेंद्र कुमार राय ने खुद इस यात्रा की अगुवाई की और कहा कि धार्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और आत्मिक पुण्य की प्राप्ति होती है। पूरे क्षेत्र के लोगों में इसे लेकर अभूतपूर्व उत्साह यज्ञ समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि यह महायज्ञ आगामी 31 मई तक अनवरत चलेगा। इस दौरान वृंदावन से पधारीं प्रख्यात कथावाचिका शिवांजलि किशोरी द्वारा प्रतिदिन श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान की अमृत वर्षा की जाएगी। इसके अलावा नौ दिनों तक नित्य भव्य आरती, विशेष पूजन, पंडाल परिक्रमा, संतों के प्रवचन और रात्रि में भव्य रामलीला का मंचन किया जाएगा। इस अवसर पर कलश यात्रा में जिला परिषद् सदस्य मीना अरुण, मंदिर कमिटी के सचिव जितेंद्र कुमार, आचार्य आलोक उपाध्याय, मदन यादव, धनंजय राय, विष्णु गुप्ता समेत समिति के गणमान्य सदस्यों और स्थानीय ग्रामीणों की उपस्थिति रही। कलश यात्रा में मढ़ौरा में उत्सव जैसा माहौल दिखा।