दैनिक खोज खबर/दरियापुर(सारण)। प्रखंड के मोहन कोठियां गांव से मानपुर जाने वाली जर्जर बांस पुल से गिरकर एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान मोहन कोठियां गांव निवासी 35 वर्षीय मुन्ना महतो के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह मानपुर से अपने घर लौट रहा था, तभी पुल पार करने के दौरान संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। परिजन मुन्ना महतो को इलाज के लिए पटना लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि मोहन कोठियां से मानपुर जाने वाली बांस पुल काफी जर्जर और खतरनाक स्थिति में है। पुल से आवाजाही के दौरान हमेशा हादसे की आशंका बनी रहती है। लोगों ने प्रशासन से जल्द स्थायी पुल निर्माण कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।