शिक्षा विभाग में नए डीपीओ ने किया प्रभार ग्रहण
#परवेज़ अख्तर/सीवान:
शिक्षा विभाग में अधिकारियों की कमी दूर होने का नाम नहीं ले रही हैं। पिछले दिनों दो डीपीओ को जिले में प्रतिनियुक्त किया गया था। ये लोग अभी विभाग में योगदान भी नहीं किए तबतक डीपीओ स्थापना अमरेका प्रसाद का तबादला डीईओ अरवल के रूप में कर दिया गया। सोमवार को नवादा जिले से सीवान जिले के लिए प्रतिनियुक्त डीपीओ अमरेंद्र कुमार मिश्रा ने डीईओ कार्यालय में अपना योगदान दे दिया है। लेकिन लखीसराय से आने वाले डीपीओ का अभी इंतजार हो रहा है। पिछले दिनों शिक्षा विभाग के अपर सचिव द्वारा जारी पत्र में नवादा जिले के डीपीओ अमरेंद्र कुमार मिश्र व लखीसराय के डीपीओ नरेंद्र कुमार को सीवान जिले के डीपीओ का अतिरिक्त प्रभार लेने का निर्देश जारी किया गया था। जिले में माध्यमिक शिक्षा व लेखा योजना डीपीओ का पद रिक्त होने के चलते अतिरिक्त प्रभार में यहां पदस्थापित डीपीओ काम रहे थे। इससे एक डीपीओ के पास दो विभाग रहने से समय पर काम नहीं हो पाता था। साथ ही दोनों विभाग में चल रही योजनाओं को गति नहीं मिल पाती थी। ऐसे में हर विभाग का अलग डीपीओ रहने से समय पर काम व योजनाओं का क्रियान्वयन होने की उम्मीद जगी हैं। जिला शिक्षा पदाधिकारी चंद्रशेखर राय ने कहा कि डीएम के आदेश पर डीपीओ के संभाग का बंटवारा जल्द कर दिया जायेगा।




Recent Comments