
जिस तरह पेंड से बचता है पर्यावरण, उसी प्रकार हमारे वोट से बचेगा लोकतंत्र -: मानव
———————————
कुमुद रंजन सिंह की रिपोर्ट-
नालन्दा ज़िला स्वीप अभियान के तहत चलाए जा रहे मतदाता जागरुकता कार्यक्रम की कड़ी में गुरुवार को “ वोटर ट्री “ लगाकर समाजसेवियों ने ग्रामीणों से वोट की अपील की. हिलसा प्रखंड के गराँयविगहा गाँव में पहुँचे भारत निर्वाचन आयोग के ज़िला ब्राण्ड ऐंबेसडर आशुतोष कुमार मानव, समाजसेवी सौरव कुमार, गणेश कुमार आदि ने पीपल का पौधा लगाकर मतदाता जागरुकता कार्यक्रम की शुरुआत की तथा आने वाले विधान सभा के चुनाव में मतदाताओं को मास्क पहन बूथ पर जाने की अपील की. इस क्रम में गराइविगहा विद्यालय के परिसर में उपस्थित दर्जनो ग्रामीणों को सम्बोधित करते हुए स्वीप आइकन आशुतोष कुमार मानव ने कहा कि जिस तरह पौधे से हमारा पर्यावरण ज़िन्दा रहता है ठीक उसी प्रकार वोटर के वोट के चोट से ही देश का लोकतंत्र जीवित रहेगा. अपने अपने मताधिकार का प्रयोग करके ही स्वच्छ छवि वाले लोगों का चयन किया जा सकता है. उन्होंने अपने जन्म दिन पर पौधा लगाकर जन अभियान चलाने वाले हिलसा के समाजसेवी सौरव कुमार की सराहना की तथा उनसे मतदाता जागरुकता अभियान में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेते रहने का अनुरोध भी किया. इसके पूर्व विद्यालय के एच एम की अध्यक्षता में चुनावी परिचर्चा हुई जिसे कई ग्रामीणों ने भी सम्बोधित किया. इस दौरान उपस्थित लोगों ने राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाते हुए मतदान प्रतिशत बढ़ाने की शपथ ली. मौक़े पर बीएलओ, शिक्षक, रसोईया समेत कई ग्रामीण मतदाता भी उपस्थित थे.




Recent Comments