लहलादपुर(सारण)। अंचल कार्यालय लहलादपुर के क्लर्क अमित प्रकाश व प्रखंड कार्यालय के नाजिर वसी अहमद ड्यूटी से गायब मिले। डीएम अमन समीर बुधवार को औचक निरीक्षण में लहलादपुर पहुंचे थे। डीएम निरीक्षण के दरम्यान कर्मियों के कार्य कलाप को देख हैरान रह गये। डीएम अंचल कार्यालय के आरटीपीएस काउंटर पर पहुंच गये व डाटा ऑपरेटर से दाखिल खारिज से संबंधित रिपोर्ट मांगी। डीएम करीब पांच मिनट तक इंतजार करते रहे लेकिन उन्हें रिपोर्ट नहीं मिली। उन्होने डाटा ऑपरेटर पर कारवाई करने की बात कही। अंचल कार्यालय के क्लर्क अमित प्रकाश के खिलाफ डीएम ने प्रपत्र क गठित करने का आदेश दिया। प्रखंड के नाजिर का वेतन काटने का आदेश दिया। इससे पहले डीएम ने प्राथमिक स्वास्थय केंद्र का भी जांच किया। जांच के दौरान उन्होने उपस्थिति पंजी का अवलोकन किया। इस दौरान अस्पताल के चिकित्सक व कर्मी गायब मिले। डीएम ने अस्पताल में साफ सफाई का निर्देश दिया। जांच को ले सभी सरकारी कार्यालयों में गहमा गहमी रही। डीएम ने सभी कार्यालयों का एक एक कर निरीक्षण किया। जांच के समय सीओ जयशंकर प्रसाद व बीडीओ विमला कुमारी मौजूद रहे।