
राजद पंचायत अध्यक्षों की बैठक में उठे राशन कार्ड, बाढ़, कटाव, टोपो लैंड और सैटेलाइट सिटी के मुद्दे, जरूरतमंदों का नाम जल्द जोड़ने की मांग
सोनपुर। सोनपुर के पूर्व विधायक डॉ. रामानुज प्रसाद के नेतृत्व में रविवार को उनके विधायक कार्यालय में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सभी पंचायत अध्यक्षों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र से जुड़े कई जनसरोकार के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के प्रमुख विषयों में जरूरतमंद लोगों के राशन कार्ड से नाम काटे जाने, ग्रामीण क्षेत्रों में कर (टैक्स) लगाए जाने के सरकारी निर्णय, सैटेलाइट सिटी के नाम पर भूमि अधिग्रहण, टोपो लैंड, गंगा कटाव तथा बाढ़ की समस्या शामिल रहे।
बैठक के बाद जारी प्रेस विज्ञप्ति में पूर्व विधायक डॉ. रामानुज प्रसाद ने आरोप लगाया कि सोनपुर सहित पूरे बिहार में बड़े पैमाने पर गरीब और जरूरतमंद परिवारों के नाम राशन कार्ड से हटाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) से नाम कटने के कारण मजदूर एवं गरीब परिवारों के सामने खाद्यान्न संकट और भूखमरी जैसी स्थिति उत्पन्न हो रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि अपात्र लोगों का नाम हटाने की प्रक्रिया में बिना समुचित जांच-पड़ताल के अत्यंत गरीब, भूमिहीन और वास्तविक लाभार्थियों के नाम भी राशन कार्ड से हटा दिए गए हैं, जिससे वे सरकारी खाद्यान्न योजना के लाभ से वंचित हो रहे हैं।
डॉ. प्रसाद ने बिहार सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में कर (टैक्स) लगाने के निर्णय पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि महंगाई और बेरोजगारी से पहले ही जूझ रही ग्रामीण जनता पर यह अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने जैसा है, जिसका सीधा असर आम लोगों के जीवन पर पड़ेगा।
उन्होंने सारण के जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा राशन कार्ड से हटाए गए सभी पात्र एवं जरूरतमंद लोगों का नाम शीघ्र पुनः जोड़ने की मांग की।
बैठक में राजद के पंचायत अध्यक्षों सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




Recent Comments