
मढ़ौरा।गौरा ओपी के नरहरपुर में एक यात्री शेड को बनाने के विवाद में चाचा ने बंदूक से फायरिंग कर दो भतिजा को गोली मार दी। दोनों जख्मी को आनन फानन में छपरा सदर अस्पताल लाया गया जहा से पटना रेफर कर दिया गया है। जख्मी में रामदयाल राय का 26 वर्षीय पुत्र राजन राय और भोला राय का 40 वर्षीय पुत्र शत्रुध्न राय का नाम शामिल है। राजन राय के पेट में जबकि शत्रुध्न राय को जांघ में गोली लगी है। गोली मारने का आरोप भी उसी परिवार से रिश्ते में चाचा लगने वाले पूर्व जिला परिषद प्रत्याशी जयराम राय पर लगाया गया है। घटना के बाद से गांव में हड़कंप मचा गया और लोग सकते में आ गए। छपरा के पूर्व विधायक स्वर्गीय राम प्रवेश राय के परिवार की इस आपसी घटना को लेकर लोग चर्चा से भी बचते रहे। घटना के समय जिलापरिषद मढ़ौरा भाग-1 के सदस्य आनंद राय भी मौजूद थे। आरोपी ने आनंद राय को भी गोली मारने के लिए दौड़ाया लेकिन संयोग से आनंद राय बाल बाल बच गए।
गांव के खैनिया बाबा पर हुई घटना
नरहरपुर के खैनिया बाबा नामक जगह पर गोलीबारी की घटना हुई है। इसी जगह पर यात्री शेड बनाए जाने की बात कही जा रही है। नरहरपुर के यादव टोला के नजदीक का यह जगह जिला परिषद आनंद राय के पैतृक घर के नजदीक ही है। इस जगह पर पहले से एक यज्ञ का आयोजन किया जा चुका है वहीं प्रत्येक वर्ष दुर्गा पूजा पर मूर्ति को स्थापित किया जाता है। नरहरपुर उच्च विधालय से दक्षिण की तरफ सड़क पर नहर के पास एक पीपल का वृक्ष, चबूतरा, तीन चार कमरे बने है। यहा छोटी छोटी गंवई चाय व खाने पीने की दुकानें है। इसी जगह पर जिला परिषद की योजना से आनंद राय एक यात्री शेड बनवा रहे थे। घटना के समय आनंद राय के घर के लोग, आसपास के ग्रामीण सहित अन्य उपस्थित थे।
आनंद ने कहा – चाचा ने रोक दिया था यात्री शेड का काम
जिप सदस्य आनंद राय ने बताया कि जिला परिषद से गांव में यात्री शेड बनाने के लिए फंड पास हुआ है। गांव के ही खैनिया बाबा के पास यात्री शेड का निर्माण कराया जा रहा था। गांव के सभी लोगों का राय थी कि यहीं पर यात्री शेड बने। जयराम राय ने इसका विरोध किया और ठेकेदार को काम करने से रोक दिया था। ठेकेदार ने इसकी सूचना दी जिसपर वह पहुंचे तो उसका चाचा जयराम राय से विवाद हो गया। इसी दौरान जयराम राय ने गोलीबारी शुरू कर दी जिसमें शत्रुधन राय और राजन राय को गोली लग गयी। आनंद राय ने कहा कि चाचा जयराम राय ने उसे भी गोली मारने के लिए दौड़ाया, पांच राउंड फायर भी किया लेकिन वह बाल बाल बच गया। जिप सदस्य आनंद राय ने बताया कि उसका और चाचा जयराम राय के बीच चुनाव को लेकर पहले से विवाद था। बीता जिला परिषद का चुनाव दोनों एक दूसरे के चुनाव लड़ चुके है। इस चुनाव में जय राम राय को हार मिली थी और आंनद राय ने जीत दर्ज की थी। तभी से उसके और चाचा जयराम राय के टसल चल रहा था।




Recent Comments