मैरवा में छह घंटे तक गुल रही बिजली
#परवेज़ अख्तर/सीवान:
जिले के मैरवा प्रखंड क्षेत्र में बिजली संकट गहराता जा रहा है। एक सप्ताह से लचर आपूर्ति से बिजली के लिए त्राहिमाम मचा हुआ है। शुक्रवार को दिन में शट डाउन से छह घंटे तक बिजली गायब रही। लगातार दो दिन पहले भी ब्रेक डाउन रहने से पांच और सात घंटे बिजली सप्लाई ठप रही थी। देर शाम तक बिजली सप्लाई शुरू नहीं हो पायी। बिजली नहीं मिलने से गर्मी से लोग बेहाल रहे। पूरे दिन उपभोक्ता सप्लाई नहीं मिलने से बिजली आफिस का चक्कर लगाते रहे। पावर सब स्टेशन को दो रूट से बिजली मिलने के बाद भी उपभोक्ता बिजली की लचर आपूर्ति से परेशान हैं। पावर सब स्टेशन को सीवान ग्रिड और रघुनाथपुर के लौकीपुर ग्रिड से बिजली मिलती है। शुक्रवार को सीवान ग्रिड से शट डाडन और लौकीपुर ग्रिड में तकनीकी काम होने के कारण दोनों रूट से बिजली नहीं मिल पायी। यहां एक सप्ताह से बिजली की सप्लाई कम दी जा रही है। इसके पीछे ब्रेक डाउन और अन्य कारणों को मुख्य वजह माना जा रहा है। उपभोक्ताओं को दस घंटे भी बिजली नहीं मिल रही है। शुक्रवार को सीवान से आने वाले रूट में शट डाउन होने से सुबह दस बजे के करीब बिजली गुल हो गयी। लगातार छह घंटे तक बिजली नहीं मिलने के बाद उपभोक्ता पावर सब स्टेशन पर जाकर बिजली कटौती की वजह जानने लगे। जिसके बाद तितरा बाजार में बिजली के तार लगाये जाने को लेकर शट डाउन होने की जानकारी दी गयी। उपभोक्ता बिजली कंपनी के इस रवैये से परेशान हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि बिजली को लेकर बिजली कंपनी के कर्मचारी भी उदासीनता बरत रहे है। जिसके कारण यहां बिजली सप्लाई की हालत खराब होती जा रही है।
__________