अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार पर गयीं आशा कार्यकर्ता
दैनिक खोज खबर/पानापुर (सारण ) मानदेय का भुगतान लंबित रहने के कारण बिहार राज्य आशा कार्यकर्त्ता संघ के आह्वान पर प्रखंड के आशा एवं आशा फैसिलिटेटर ने बुधवार को सीएचसी पानापुर के सामने जमकर प्रदर्शन किया और अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार का ऐलान कर दिया. प्रदर्शन कर रही आशा कार्यकर्ताओं एवं फैसिलिटेटरों का कहना था कि हमें लगभग 11 माह से मानदेय नहीं मिला है जिसकारण हमारे समक्ष भुखमरी की समस्या उत्पन्न हो गयीं है. बिहार राज्य आशा कार्यकर्त्ता संघ के शिष्टमंडल द्वारा इस संबंध में राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक से वार्तालाप किया गया था जिस के बाद विभाग द्वारा 31 मई 2026 तक सभी बकाया राशि के भुगतान का आश्वासन दिया गया था लेकिन अबतक मानदेय का भुगतान नहीं हो पाया है. बाद में प्रदर्शन कर रहे आशा कार्यकर्ताओं ने सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को आवेदन देकर अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार का ऐलान कर दिया. उन्होंने कहा कि जबतक बकाये मानदेय का भुगतान नहीं हो जाता है तबतक कार्य बहिष्कार जारी रहेगा. प्रदर्शन करनेवालों में नूतन देवी, नीलम देवी, पुष्पा देवी, रीना देवी, आशा देवी, कांति देवी, अनिता देवी, प्रीति देवी, बेबी देवी, अंशु देवी आदि शामिल थीं.




Recent Comments