
मांझी(सारण)। मनुष्य के लिए मातृभूमि धरती का स्वर्ग है तथा माता साक्षात ईश्वर का स्वरूप होती हैं। यह बातें मांझी के अलियासपुर स्थित बलदाऊ जी मन्दिर परिसर में आयोजित बलराम जयंती सह श्री विष्णु महायज्ञ में चल रहे प्रवचन के दौरान बक्सर से पधारे प्रवाचक हलचल बाबा ने कहीं। उन्होंने कहा कि माता मातृभूमि व मातृ भाषा के सम्मान के प्रति समर्पित ब्यक्ति ही महान होता है। वर्तमान सामाजिक परिस्थतियों की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि मनुष्य अपनी सभ्यता संस्कृति व आध्यात्मिकता को तिलांजलि देकर सिर्फ अर्थोपार्जन के लिए दिन रात भाग रहा है। वैसे मनुष्यों को शांति की प्राप्ति नही हो सकती। शांति की प्राप्ति के लिए मनुष्य को अध्यात्म की ओर लौटना ही पड़ेगा। मालूम हो कि स्थानीय ग्रामीणों द्वारा यह यज्ञ तथा आयोजन पिछले 28 वर्षों से प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता रहा है। यज्ञ मंडप की परिक्रमा के लिए तथा आसपास लगे मेले में काफी भीड़ उमड़ रही है।




Recent Comments