
परसा (सारण)। परसा प्रखंड के नारायणपुर पट्टीशीतल गांव में डॉ. अजय कुमार सिंह ने अपनी मां की तेरहवीं पर एक अनूठी पहल कर मिसाल पेश की। उन्होंने मां की श्रद्धांजलि सभा के दौरान आगंतुकों के बीच सैकड़ों आम के फलदार पौधे वितरित किए।शनिवार को आयोजित श्रद्धांजलि सभा में धर्मपरायण स्वर्गीय ललिता देवी को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए उनके पुत्रों ने यह पर्यावरण हितैषी कार्य किया। इस पहल की सराहना करते हुए उपस्थित गणमान्य अतिथियों ने कहा कि धरती पर जीवन के लिए पेड़-पौधे अत्यंत आवश्यक हैं। ऐसे अवसरों पर पौधारोपण और वितरण समाज को एक सकारात्मक संदेश देगा कि विशेष मौकों पर पेड़ लगाना एक पुनीत कार्य है। नारायणपुर निवासी आलोक कुमार सिंह ने बताया कि उनकी 85 वर्षीय मां को अंतिम समय में ऑक्सीजन की कमी से जूझना पड़ा था और उन्हें कृत्रिम ऑक्सीजन दिया जा रहा था। इस घटना को लेकर मेरे भाई सर्जन डॉ. अमित रंजन के मन में पेड़ों की आवश्यकता और पर्यावरण संरक्षण की गंभीरता को उजागर किया। इसी विचार से प्रेरित होकर उन्होंने अपनी मां की तेरहवीं पर श्रद्धांजलि स्वरूप सैकड़ों आम के फलदार पौधों का वितरण किया, जिससे उन्हें मानसिक शांति का अनुभव हुआ।इस अवसर पर नवल किशोर सिंह, बासुकीनाथ सिंह, डॉ संदीप सिंह, डॉ अशोक कुमार सिंह, डॉ. कुमार गौरव, सत्येंद्र सिंह, अशोक सिंह, जितेन्द्र सिंह, बच्चा सिंह, हरिन्द्र सिंह, विकाश कुमार, विशाल कुमार, अगम्य प्रताप, अवनीश प्रताप, आकर्ष, अनिकेत आयांश सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





Recent Comments