मांझी में वोट बहिष्कार को लेकर राजनीति गर्म,दलीय कार्यकर्ताओ ने मतदातओं को वोट करने के लिए मान मनौव्वल का प्रयास किया तेज

मांझी(सारण) : मांझी जैतपुर सड़क बनाने की मांग को लेकर आंदोलन रत लगभग आधा दर्जन गांव के ग्रामीणों का गुस्सा शांत कराने का प्रयास अब भी जारी है। हालांकि ग्रामीण अपनी मांग पर अडिग हैं। स्थानीय सीओ दिलीप कुमार तथा बीडीओ मिथिलेश बिहारी वर्मा सहित सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल व महागठबंधन के प्रत्यासी रणधीर सिंह के समर्थक ग्रामीणों को समझाने बुझाने का जी तोड़ प्रयास कर रहे हैं। गुरुवार की सुबह समाजसेवी कृष्णा सिंह पहलवान ने ग्रामीणों की बैठक बुलाकर लोगों का गुस्सा शांत कराने का प्रयास किया। गांव के लोगों ने साफ तौर पर बता दिया कि चुनाव की प्रक्रिया में शामिल मतदान कर्मियों का कोई विरोध नही करेगा पर कोई भी मतदाता वोट डालने नही जायेगा इस मामले में सभी लोग एकमत हैं।
उधर कल गांव में बूथ नम्बर 128,110, 111 तथा 112 पर मतदाता पर्ची बांटने गये बीएलओ अरविंद कुमार सिंह हरेराम पासवान नागेन्द्र सिंह तथा उदय शंकर यादव से पर्ची लेने से इनकार कर दिया। उक्त चारों बूथों पर लगभग चार हजार मतदाताओं की संख्या है। मालूम हो कि पिछले तीन माह से लगभग आधा दर्जन ग्रामीण बदहाल व जर्जर मांझी जैतपुर सड़क के निर्माण को लेकर जनप्रतिनिधियों पर वादाखिलाफी का आरोप लगा कर आंदोलन चला रहे हैं।इस सम्बन्ध में पूछे जाने पर बीडीओ मिथिलेश बिहारी वर्मा ने बताया कि प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर लोगों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है।