
दैनिक खोज खबर/छपरा। बिहार नगरपालिका उप निर्वाचन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। जिला स्कूल स्थित वेयरहाउस परिसर में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड द्वारा निर्मित एम-2 मॉडल की इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच का कार्य सोमवार को सुरक्षा प्रोटोकॉल के बीच संपन्न हो गया। इस जांच का मुख्य उद्देश्य आगामी उपचुनाव में मतदान प्रक्रिया को पूरी तरह त्रुटिहीन और पारदर्शी बनाना है। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, प्रशिक्षण और जागरूकता के लिए 40 बैलेट यूनिट और 40 कंट्रोल यूनिट मशीनों की सूक्ष्मता से जांच की गई। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के अभियंता असलम ने मास्टर प्रशिक्षकों के साथ मिलकर मशीनों के भौतिक और तकनीकी पहलुओं को परखा। इस दौरान मशीनों के क्षतिग्रस्त हिस्सों को बदला गया और बैलेट यूनिट को कंट्रोल यूनिट से जोड़कर उनकी क्रिया शीलता जांची गई। जांच प्रक्रिया के तहत कंट्रोल यूनिट के कैंडिडेट सेट, क्लोज, रिजल्ट, क्लियर और बैलेट बटन के साथ-साथ बीप की आवाज और एलईडी लाइट्स की सक्रियता का परीक्षण हुआ। बैलेट यूनिट के सभी 16 बटनों और वायर को भी बारीकी से देखा गया। जांच के बाद सही और खराब मशीनों पर संबंधित अधिकारियों व इंजीनियर के हस्ताक्षर युक्त स्टीकर चिपकाए गए और उन्हें मोबाइल ऐप से स्कैन कर आयोग के पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया। यह चुनाव सारण जिले के परसा बाजार नगर पंचायत (वार्ड संख्या 6 और 7) तथा दिघवारा नगर पंचायत (वार्ड संख्या 3) में वार्ड सदस्यों की मृत्यु के बाद खाली हुई सीटों पर होना है। इन दोनों क्षेत्रों के कुल 6 मतदान केंद्रों पर इन्हीं एम-2 मॉडल मशीनों से वोट डाले जाएंगे। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी मशीनों को सुरक्षा बलों और वरिष्ठ पदाधिकारियों की मौजूदगी में वेयरहाउस में सील कर दिया गया। मौके पर जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी शशि कुमार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मुस्तैद रहे।




Recent Comments