माँझी(सारण)। सरस्वती पूजा के मद्देनजर थाना क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिये थाना परिसर में शांति समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में त्योहार को सौहार्दपूर्ण व शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की गयी। पदाधिकारियों ने कहा कि इस मौके पर शांति भंग करने वाले शरारती तत्वों व मनचलों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी। गड़बड़ी करने पर पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी। साथ ही बिना लाइसेंस के जुलूस न निकालने की चेतावनी दी गई। बैठक में कहा गया कि जो पूजा समिति का लाइसेंस नहीं लेंगे वे जुलूस नही निकाल सकते। सी ओ दिलीप कुमार की अध्यक्षता में सम्पन्न शांति समिति की बैठक में प्रशासन ने पूरे क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए समाज को आगे आने का आह्वान किया। थानाध्यक्ष नीरज कुमार मिश्रा ने कहा कि शराबियों एवं मवालियों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी। उन्होंने कहा कि बगैर लाइसेंस वालों द्वारा पूजा पंडाल से जुलूस निकालने वालों पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। श्री मिश्रा ने पूजा के नाम पर अवैध चंदा वसूली करने वालों पर भी कार्रवाई की बात कही। वहीं डीजे आर्केस्ट्रा पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध रहेगा। एक फरवरी को हर हाल में मूर्ति विसर्जन करने का दिन सुनिश्चित किया गया। बैठक में पूर्व जिप सदस्य पंकज सिंह पूर्व प्रमुख फन्नी यादव गोपाल शर्मा शैलेश कुमार यादव आशीष मिश्रा सहित अनेक गणमान्य मौजूद थे।




Recent Comments