दैनिक खोज खबर/मशरक (सारण)। मशरक अंचल कार्यालय परिसर में गुरुवार को नवपदस्थापित सीओ राहुल कुमार ने स्थानांतरित  सीओ सुमंत कुमार से विधिवत पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नए सीओ का स्वागत किया तथा स्थानांतरित सीओ को भावभीनी विदाई दी। पदभार ग्रहण के बाद अंचल कार्यालय परिसर में सम्मान सह विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में नवपदस्थापित सीओ राहुल कुमार का बुके भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में अंचल कार्यालय की कार्यप्रणाली और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनेगी। वहीं स्थानांतरित सीओ सुमंत कुमार को फूलमाला पहनाकर एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। वक्ताओं ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से किया। आम लोगों की समस्याओं के समाधान तथा राजस्व एवं अंचल से जुड़े कार्यों के निष्पादन में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। समारोह के दौरान अंचल कार्यालय से स्थानांतरित हुए करीब आधा दर्जन कर्मियों को भी अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके कार्यों की सराहना करते हुए भावभीनी विदाई दी गई। कर्मचारियों ने एक-दूसरे के साथ बिताए कार्यकाल की यादें साझा कीं और सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का माहौल आत्मीयता और सम्मान से भरा रहा। इस अवसर पर अंचल कार्यालय के अधिकारी, कर्मचारी एवं व्यापारी सुनील कुमार सिंह, धर्मेंद्र सिंह बिजली,जावेद अंसारी समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।