दैनिक खोज खबर/मशरक (सारण)। मशरक प्रखंड के चैनपुर स्थित भारतीय स्टेट बैंक शाखा में निवर्तमान शाखा प्रबंधक शशी शेखर के स्थानांतरण के उपलक्ष्य में विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसी अवसर पर शाखा के नवपदस्थापित प्रबंधक सौरभ कुमार का भी गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया तथा उन्होंने औपचारिक रूप से शाखा का पदभार ग्रहण किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि शाखा प्रबंधक शशी शेखर ने अपने कार्यकाल में बैंकिंग सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और ग्राहक हितैषी बनाने की दिशा में सराहनीय कार्य किए। उन्होंने ग्राहकों की समस्याओं के समाधान, सरकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन तथा बैंक और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके सरल व्यवहार, कार्यकुशलता और मिलनसार व्यक्तित्व की सभी ने खुले दिल से प्रशंसा की। वक्ताओं ने कहा कि उनके कार्यकाल की उपलब्धियां लंबे समय तक याद की जाएंगी। इस अवसर पर शशी शेखर को अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं नई जिम्मेदारियों के सफल निर्वहन की कामना की। कई वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने अपने कार्यों से ग्राहकों और सहकर्मियों के बीच एक अलग पहचान बनाई है। वहीं नवपदस्थापित शाखा प्रबंधक सौरभ कुमार का सभी ने पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ग्राहकों को बेहतर बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। बैंक की सेवाओं को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं जनहितैषी बनाने के लिए टीम भावना के साथ कार्य किया जाएगा। उन्होंने बैंक के सभी कर्मचारियों, ग्राहकों एवं स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील करते हुए विश्वास दिलाया कि शाखा में आने वाले प्रत्येक ग्राहक को बेहतर सेवा उपलब्ध कराने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। समारोह के दौरान क्षेत्राधिकारी पंकज कुमार समेत अन्य ने दोनों शाखा प्रबंधकों की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि बैंक की प्रगति टीम वर्क और ग्राहकों के विश्वास पर आधारित होती है। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी पंकज कुमार, क्लर्क पाकीजा, सर्विस मैनेजर अभिषेक कुमार, क्लर्क रतन कुमार, राहुल कुमार, जंगबहादुर, चिमनी व्यवसायी युगल सिंह, समाजसेवी भोला सिंह सहित बैंक के कर्मचारी, ग्राहक एवं कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।