मवेशी तस्करी का धंधा बदस्तूर जारी, मांझी में फिर तस्करी के लिए ले जा रहे चार दर्जन मवेशियों को ग्रामीणों ने पकड़ा

मांझी(सारण) : दस पिकअप पर लगभग चार दर्जन मवेशी लाद कर छपरा की ओर ले जा रहे तस्करों को मझनपुरा के ग्रामीणों ने खदेड़ा। घटना गुरुवार के सुबह की है। ग्रामीणों ने आधा दर्जन पशु लदे पिकअप को पकड़ कर पशुओं को जब्त कर लिया तथा पिकअप को पुलिस के हवाले कर दिया। चालक भागने में सफल रहा। ग्रामीणों ने बताया कि इतनी बड़ी संख्या में मवेशी लदे पिकअप कहाँ से आते हैं और कहां जाते हैं पता नही। कुछ लोगों का कहना है कि सभी मवेशी रौजा मेला में खरीद बिक्री के लिए जा रहे थे। जबकि कई लोगों का कहना था कि मेला की आड़ में पिकअप पर लदे सभी पशु तस्करी के सहारे बांग्लादेश भेजे जाते हैं। लोगों ने बताया कि मवेशियों को स्थानीय बलिया मोड़ के समीप प्रतिदिन वाहनों पर लोड कर बाहर भेजा जाता है। बता दें बलिया मोड़ पर वाहनों के नो इंट्री को लेकर यहां दिन भर पुलिस तैनात रहती है। बावजूद इसके यह क्रम वर्षों से जारी है। तथा इस कार्य में स्थानीय दलाल सक्रिय हैं। पूर्व में भी इस क्षेत्र में मवेशी और तस्कर पकड़े जा चुके है।थानाध्यक्ष नीरज कुमार मिश्रा ने बताया कि बरामद पशुओं को ग्रामीणों की देखरेख में रखा गया है तथा पिकअप को जब्त कर मामले की छानबीन की जा रही है।




Recent Comments