
दैनिक खोज खबर/मढ़ौरा (सारण)। मढ़ौरा हाई स्कूल परिसर में रविवार को आयोजित एक गरिमामयी समारोह में ‘सरस्वती विद्या निकेतन आदर्श विद्यालय’ का आधिकारिक उद्घाटन किया गया। इस नए शिक्षण संस्थान का शुभारंभ मढ़ौरा एसडीएम निधि राज, मुख्य पार्षद रूबी सिंह, जिला परिषद सदस्य मीना अरुण, बीडीओ अभिषेक कुमार प्रभाकर, सीओ कृष्ण कुमार सौरभ समेत अन्य गणमान्य द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने शिलापट्ट का भी अनावरण किया। समारोह की शुरुआत छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मधुर स्वागत गीत के साथ हुई, जिसके बाद राष्ट्रगान के साथ वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मुख्यमंत्री का लाइव संबोधन रहा, जिसे उपस्थित बच्चों, अभिभावकों और प्रबुद्ध नागरिकों ने अत्यंत गंभीरता और ध्यानपूर्वक सुना। मंच पर मौजूद अतिथियों का विद्यालय प्रबंधन द्वारा स्वागत पारंपरिक रीति से अंगवस्त्र और पौधे भेंटकर किया गया। इस अवसर पर एसडीएम निधि राज ने कहा कि यह विद्यालय क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को उन्नत करने और बच्चों को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत हर प्रखंड में एक आदर्श विद्यालय की स्थापना की जा रही है। इसी कड़ी में, मढ़ौरा के इस विद्यालय में फिलहाल 40 मेधावी विद्यार्थियों का नामांकन सुनिश्चित किया गया है। शिक्षा की गुणवत्ता को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए अंग्रेजी, गणित और रसायन विज्ञान जैसे विषयों में अतिरिक्त शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गई है, जो नवाचार और विशेष मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।इस अवसर पर प्रधानाध्यापक सतीश कुमार राय, सेवानिवृत्त पूर्व प्रभारी प्रधानाध्यापक शिवनाथ सिंह, एमडीएम प्रभारी ममता कुमारी, शिक्षक अरबिंद कुमार उपाध्याय, राहुल सिंह, अनिल कुमार, प्रमोद सिंह, शंकर प्रसाद यादव, भीष्म राय, लेखपाल अखिलेशव सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और अभिभावक उपस्थित रहे।




Recent Comments