मढ़ौरा(सारण) । 

रोजगार और बंद फैक्ट्री के मुद्दे पर रोजगार क्रांति के सदस्यों ने मंगलवार को धेनुकी चौक पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला जलाया और जमकर नारेबाजी की। युवाओं ने कहा कि बिहार में लगातार 18 साल से मुख्यमंत्री रहने के बावजूद नीतीश कुमार ने राज्य से मजदूरों का पलायन रोकने के लिए कोई काम नहीं किया है । नए उद्योग लगने की बात तो दूर सरकार की गलत नीतियों के कारण राज्य में कई पुराने उद्योग को भी बंद हो जाना पड़ा है । युवाओं ने कहा कि हम वोट बिहार में देते हैं, हमारे वोट से ही सत्ता में बैठे लोग ऐश और सत्ता की मलाई खा रहे हैं । बिहारी को दो वक्त की रोटी कमाने के लिए भी अपने परिवार से सैकड़ों मिल दूर जाना पड़ता है। बिहार में उद्योग स्थापित नहीं होने और पलायन नहीं रूकने का एक मात्र दोषी मुख्यमंत्री ही हैं। हम नीतीश कुमार से मांग करते हैं कि बिहार में उद्योग स्थापित करके हमें यहीं रोजगार उपलब्ध कराएं ताकि यहा के लोगों को दूसरे राज्यों में जाकर दर दर की ठोकरे नहीं खानी पड़े। पुतला दहन कार्यक्रम में दिलीप कुमार साह, अतुल प्रताप सिंह, आलोक कुमार, सागर महतों, मनोरंजन मनु, रणवीर चौबे, अनिल शर्मा, सत्येंद्र सिंह, सुरेंद्र जायसवाल पिंटू कुमार राय सहित अन्य लोग शामिल थे।