सांकेतिक फोटो

दैनिक खोज खबर/मढ़ौरा (सारण)। वर्तमान में मढ़ौरा नगर पंचायत में कुल 16 वार्ड हैं, जिसका विस्तार कर वार्डो की संख्या 30 की जायेगी। मढ़ौरा नपं के क्षेत्र विस्तार को लेकर जिला प्रशासन ने पिछले महीने ही एक बैठक में मढ़ौरा के अधिकारियों को प्रस्ताव बनाने के लिए निर्देशित किया था। जिसको लेकर अब बताया जा रहा है नपं क्षेत्र के विस्तार का प्रस्ताव सरकार को भेजा गया है, जिसमें अंवारी पंचायत पूर्ण रूप से शामिल होगा। वहीं शिल्हौरी, डेवढ़ी और हसनपुरा पंचायतों के कुछ हिस्से मढ़ौरा क्षेत्र विस्तार में शामिल किए जाएंगे।

शिल्हौरी पंचायत से शिल्हौरी गांव, डेवढ़ी पं. से डेवढ़ी गांव तथा हसनपुरा पंचायत से राहिमपुर छपिया, चैनपुर, रुप राहिमपुर और मुबारकपुर को जोड़ा जाएगा। जिसके बाद वार्ड की संख्या 16 से बढ़कर 30 हो जायेगी, जो नगर परिषद के लिए न्यूनतम 24 वार्ड के मानक को पूरा कर लेगा।2011 की जनगणना के अनुसार मढ़ौरा नगर पंचायत की आबादी 29,885 थी। नगर परिषद बनने पर इसमें 29,932 की अतिरिक्त आबादी जुड़ेगी और कुल जनसंख्या बढ़कर 59,881 तक पहुंच जाएगी। नगर परिषद का गठन करने के लिए न्यूनतम 40 हजार की जनसंख्या और 24 वार्ड आवश्यक हैं। मढ़ौरा का प्रस्ताव इन दोनों मानकों से कहीं अधिक है। नगर परिषद का दर्जा मिलने से जहां शहरी सुविधाओं में वृद्धि होगी, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में भी शहरी योजनाओं का लाभ पहुंचेगा और आसपास के गांवों में विकास की नई राह खुलेगी।