दुर्गा दत्त पाठक की रिपोर्ट:-

बेतिया ।भारत रत्न बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के 63 वें महापरिनिर्वाण दिवस के अवसर पर आज समाहरणालय प्रांगण में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस मौके पर बाबा साहब की प्रतिमा पर अपर समाहर्ता, श्री नंदकिशोर साह, एसडीएम, बेतिया, श्री विद्यानाथ पासवान आदि द्वारा माल्यापर्ण एवं पुष्प गुच्छ अर्पित कर बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। इस अवसर पर अपर समाहत्र्ता, श्री साह ने बाबा साहब के विचारों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि राष्ट्र के उत्थान के लिए लगातार काम करने वाले बाबा साहब भीमराव अंबेडकर का 1956 में आज ही के दिन निधन हो गया था। बाबा साहब अंबेडकर एक विधिवेता, अर्थशास्त्री, राजनीतिज्ञ और कुशल समाज सुधारक थे। राष्ट्र के प्रति उनका योगदान बहुमूल्य और उल्लेखनीय है। एसडीएम, बेतिया, श्री विद्यानाथ पासवान ने कहा कि सामाजिक बुराईयों को दूर करने के उनके प्रयासों और उनके द्वारा शिक्षा को दिये गये महत्व का हम सभी को हमेशा स्मरण करते रहना चाहिए। इस अवसर पर जिला कोषागार पदाधिकारी, प्रशिक्षु वरीय उप समाहर्ता, सीओ, बेतिया सहित जिलास्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।