दुर्गा दत्त पाठक की रिपोर्ट:-
पिछले दिनों जिले के नौरंगिया थाना क्षेत्र के हरनाटांड़ में शिला कुमारी के साथ हुए अमानवीय दुर्व्यवहार का प्रसंग अब आगे बढ़ता दिखाई दे रहा है। उसे खम्भे से बाँधकर बुरी तरह से पीटने की खबर और वीडियो भी वायरल हो चुका है। इतना ही नहीं उसके प्राईवेट पार्ट को भी जख्मी करने की बात शिला ने बताई है। एम.जे.के. अस्पताल में भर्ती शिला के प्रकरण में कई मानवाधिकार संगठन आगे आ रहे है। शनिवार को इन संगठनों के सदस्य इलाजरत पीड़िता का हाल जानने अस्पताल पहुँचे। पीड़िता से बातचीत के बाद सदस्यों ने अस्पताल के इलाज एवं देखभाल को लेकर प्रभारी अधीक्षक से मुलाकात की एवं पीड़िता की समुचित मेडिकल जाँच एवं इलाज कराने का अनुरोध किया। साथ ही प्रशासन से पीड़िता को शीघ्र न्याय दिलाने की माँग भी की है। पीड़िता का हाल जानने वालों में अग्रणी मानवाधिकार संस्था लोक स्वातंत्र्य संगठन (पीयूसीएल) के जिलाध्यक्ष डॉ. शमसुल हक, प्रो. प्रकाश, रमेश कुमार, राज्य परिषद सदस्य जगमोहन कुमार, अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार संघ (भारत) की जिलाध्यक्ष सुरैया शहाब, सैयद शहाबुद्दीन अहमद, रामचन्द्र प्रसाद, फिरोज आलम, दिनेश तिवारी, मानवाधिकार निष्पक्ष ब्यूरो (भारत) के महेन्द्र कुमार यादव, गुड्डू कुमार, सुधा देवी, राजेन्द्र चौधरी सहित सामाजिक कार्यकर्ता मनौवर आलम आदि थे।