दुर्गा दत्त पाठक की रिपोर्ट:-
खाद्यान्न एवं किरासन तेल का वितरण में आयेगी पारदर्शिता।
जिलाधिकारी, डाॅ0 निलेश रामचंद्र देवरे ने कहा कि जिले के सभी जन वितरण प्रणाली दुकानों में पीओएस मशीन लगायी जा रही है। पीओएस मशीन के माध्यम से खाद्यान्न एवं किरासन तेल के वितरण में पारदर्शिता आयेगी तथा राशन की कालाबाजारी नहीं हो सकेगी। उन्होंने कहा कि खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, पटना के निदेशानुसार उपभोक्ताओं को अब पीओएस मशीन में थंब इंप्रेशन और चेहरे का आॅनलाइन मिलान होने के बाद ही राशन एवं किरासन तेल मिल सकेगा। जिन उपभोक्ताओं का थंब इंप्रेशन व चेहरे का मिलान नहीं होगा, उनके राशन की कालाबाजारी नहीं हो सकेगी। बचा हुआ राशन एवं किरासन तेल डीलर को वापस करना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि जिले के विभिन्न जगहों पर शिविर का आयोजन कर जविप्र दुकानदारों के बीच पीओएस मशीन का वितरण युद्धस्तर पर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही जिले के सभी जन वितरण प्रणाली के विक्रेताओं को पीओएस मशीन के माध्यम से खाद्यान्न का वितरण करना है। इस संदर्भ में आवश्यक तैयारी पूरी करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निदेशित किया गया है।
उन्होंने कहा कि जिले के सभी जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं, जन प्रतिनिधियों एवं लाभुकों को पीओएस मशीन के कार्य प्रणाली के बारे में जानकारी दी जायेगी तथा उनमें जागरूकता लायी जायेगी। उन्होंने कहा कि पीओएस मशीन आॅनलाइन मोड एवं नेटवर्क नहीं रहने पर आॅफलाइन मोड में कार्य करता है। अर्थात नेटवर्क नहीं रहने पर लाभुक को खाद्यान्न से वंचित नहीं किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि जिन लाभुकों का आधार सीडिंग नहीं हुआ है वे जल्द से जल्द अपना-अपना आधार सीडिंग करवायें। पीओएस मशीन के माध्यम से लाभुकों को जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं के पास आधार सीडिंग किया जा सकेगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि पीओएस मशीन के बारे में जागरूकता फैलाने के उदेश्य से जिलास्तरीय, प्रखंडस्तरीय एवं ग्रामस्तरीय उन्मूखीकरण कार्यशाला, जागरूकता अभियान, ग्राम सभा का आयोजन, पीओएस मशीन का प्रदर्शन, दुकान से सम्बद्ध लाभुकों की सूची का प्रदर्शन एवं वाचन आदि कार्यक्रम किया जायेगा। दिनांक-14.11.2019 को जिलास्तरीय उन्मुखीकरण कार्यशाला एवं जागरूकता अभियान चलाया जायेगा। वहीं प्रखंड स्तर पर दिनांक-21.11.2019 को यह कार्यक्रम चलाया जायेगा। दिनांक-28.11.2019 को ग्रामस्तरीय जागरूकता कार्यक्रम के तहत ग्राम सभा का आयोजन, पीओएस मशीन का प्रदर्शन, दुकान से सम्बद्ध लाभुकों की सूची का प्रदर्शन एवं वाचन किया जायेगा।
उक्त जागरूकता कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु जिलाधिकारी द्वारा संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किया गया है। उन्होंने कहा है कि जविप्र दुकानदारों, लाभुकों एवं जनप्रतिनिधियों को पीओएस मशीन के कार्य प्रणाली से अवगत कराया जाय ताकि उनमें किसी भी तरह की भ्रम की स्थिति नहीं रहे।