मढ़ौरा(सारण)। प्रसिद्ध गढ़देवी मंदिर परिसर में मंदिर समिति के तत्वावधान में रविवार शाम एक भव्य रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में कुल 11 प्रतिभागियों ने अपने सहयोगियों के साथ हिस्सा लिया। सभी प्रतिभागियों ने निर्धारित समय सीमा में एक से बढ़कर एक आकर्षक और मनमोहक रंगोलियां बनाकर अपनी कलात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।प्रतियोगिता के बाद निर्णायक मंडल द्वारा परिणामों की घोषणा की गई, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए आयशा शर्मा ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं स्वाति सिंह ने द्वितीय और हिमांशु शर्मा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। लक्की सिंह चौथे तथा श्यांश शर्मा पांचवें स्थान पर रहे।कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि कुणाल कुमार सोनी और दीप नारायण सिंह द्वारा विजेताओं के साथ-साथ सभी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। अन्य प्रतिभागी बच्चों का उत्साहवर्धन करने के लिए उन्हें सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके बाद आयोजित महाआरती में भरत सिंह, नागेंद्र राय, बलिराम सिंह, छोटू कुमार और उमा शंकर मांझी ने भाग लिया, जिसके उपरांत महाप्रसाद का वितरण किया गया। इस अवसर पर हरेंद्र सिंह, दिनेश बाबा, टुकाई बाबा, रौशन कुमार सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।